विजयवाड़ा
पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू ने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) छोड़ने की घोषणा की है। रायडू को आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी में शामिल हुए अभी 10 दिन भी नहीं हुए थे। उन्होंने 28 दिसंबर को ही वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की थी। रायडू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने कुछ समय के लिए राजनीति से दूर रहने का फैसला किया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 55 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके अंबाती रायडू ने लिखा, "सभी को यह सूचित करना है कि मैंने वाईएसआरसीपी पार्टी छोड़ने और कुछ समय के लिए राजनीति से बाहर रहने का फैसला किया है। आगे की कार्रवाई से उचित समय पर अवगत कराया जाएगा। धन्यवाद।"
पार्टी अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने 28 दिसंबर (2023) को उनका पार्टी में स्वागत किया था। आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम नारायण स्वामी और सांसद पेद्दीरेड्डी मिथुन रेड्डी ने जगन मोहन रेड्डी के साथ पूर्व क्रिकेटर का पार्टी में स्वागत किया था। कार्यक्रम का एक वीडियो वाईएसआरसीपी के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर साझा किया गया था।
शुरुआत में कांग्रेस पार्टी के साथ जाने के संकेत मिलने के बाद उन्होंने राजनीति में रुचि दिखाई और वाईएसआरसीपी में शामिल हो गए। गुंटूर के मूल निवासी रायडू ने जुलाई 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से और मई 2023 में इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास ले लिया था। पूर्व भारतीय क्रिकेटर का एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) में शानदार रिकॉर्ड है, उन्होंने देश के लिए 55 मैच खेले हैं। उन्होंने 47.05 की औसत से कुल 1694 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 124 रन रहा।

More Stories
छठी बार टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया, जानें पिछली 5 बार का पूरा रिकॉर्ड
Pakistan Team: क्या पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लगा 50-50 लाख का जुर्माना? टी20 विश्वकप से बाहर होने पर PCB सख्त
IND vs WI: पाकिस्तान के आमिर का क्यों उड़ रहा मजाक? उनके ‘सेमीफाइनल में नहीं’ वाले बयान पर भारत का करारा जवाब