February 13, 2026

सेप्टिक टैंक से निकली लाश, इंस्टाग्राम दोस्ती बनी मौत की वजह: दो बच्चों के पिता संग रिश्ते का खौफनाक अंजाम

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सेप्टिक टैंक में बक्सा बंद मिली लाश को लेकर सनसनीखेज खुलासा हुआ है. इस मामले में पुलिस ने महिला के कथित पति को हिरासत में लिया है, जो पहले से ही शादीशुदा बताया जा रहा है. सेप्टिक टैंक के अंदर बक्स में मिली लाश की शिनाख्त गोंदिया की रहने वाली अशरफी उर्फ सिया के रूप में हुई है, जिसकी आरोपी समीर खान से इंस्टाग्राम से जरिए दोस्ती और मुलाकात हुई थी. महिला को लेकर भी खुलासा हुआ है कि उसकी भी महाराष्ट्र में पहले शादी हो चुकी थी.

 

जब सेप्टिक टैंक में तैरता दिखा मौत का बक्सा

गुरुवार को भोपाल के निशातपुरा थाना इलाके के कमल नगर से ये सनसनीखेज मामला सामने आया. यहां सेप्टिक टैंक में तेज बदबू और बक्सा तैरता दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी थी, जिसके बाद महिला की सड़ चुकी लाश बक्से के अंदर मिली थी. महिला ने मुखबिर तंत्र को एक्टिव किया और महिला के संबंध में कई सबूत जुटाए, जिसके बाद उसकी पहचान गोंदिया निवासी अशरफी उर्फ सिया के रूप में हुई.

 

दो बच्चों के बाप से प्यार, बदले में मिले भयानक मौत

पुलिस का दावा है कि महिला की कुछ समय पहले भोपाल निवासी ऑटो ड्राइवर समीर खान से इंस्ट्राग्राम पर दोस्ती हुई थी. ये दोस्ती प्यार में बदल गई और चार-पांच महीने पहले महिला समीर खान के साथ रहने लगी थी. पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस दौरान आरोपी समीर ने महिला से तीसरी शादी कर ली. इस दौरान महिला को यह भी पता चला कि समीर खान पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का बाप है. इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा. संभवत: इसी के चलते आरोपी पति ने उसे रास्ते से हटाने के लिए मौत के घाट उतार दिया.

 

आरोपी को खोज रही भोपाल पुलिस

एसआई श्रीकांत दिवेदी ने बताया, '' महिला की पहचान अशरफी उर्फ सिया (33) निवासी गोडिया महाराष्ट्र के रूप में हुई है. इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद भोपाल के समीर खान से उसका अफेयर हुआ था, और वह यहां आकर रहने लगी थी. '' एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया, '' पुलिस को इस मामले से जुड़े अहम सबूत और इनपुट मिले हैं और जल्द ही इस अंधे कत्ल का पूरा खुलासा कर आरोपी को पकड़ लिया जाएगा. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या गल दबाकर की गई है, उसके बाद बॉक्स में बंद कर उसके शव को गंदे पानी के टैंक में फेंका गया है. यह लाश करीब तीन से चार दिन पुरानी हो सकती है.''

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर संदिग्ध आरोपी रहता है. आरोपी के पूरे परिवार को पुलिस ने सुबह 5:30 बजे के करीब हिरासत में लिया है. इस मामले में 20 से ज्यादा संदिग्ध भी पुलिस के रडार पर है. वहीं मृतका का कोई भी परिचित अब तक सामने नहीं आया है, जिससे पुलिस को हत्या की सही वजह ढूंढ़ने मे दिक्कत हो रही है.