मुंबई
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पिछले दो दिनों से गृहनगर सतारा जिले में अपने पैतृक गांव में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनके फैमिली डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए डॉक्टरों की टीम ने उनके स्वास्थ्य की पूरी जानकारी दी है। वह बुखार और गले के संक्रमण से पीड़ित हैं। उनके गांव में 3-4 डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, शिंदे के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। वह रविवार शाम को सातारा से मुंबई लौटेंगे। शिंदे को सातारा में अपने पैतृक गांव में तेज बुखार हो गया था। इसके बाद शनिवार को डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की। डॉ. पार्टे ने कहा, ‘‘उन्हें दवाइयां दी गई हैं। दो दिन में उन्हें बेहतर महसूस होगा। वह रविवार को मुंबई के लिए रवाना होंगे।’’
आपको बता दें कि शिंदे महाराष्ट्र सरकार गठन की प्रक्रिया के बीच चर्चा में बने हुए हैं। महायुति गठबंधन ने राज्य विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल किया है। हालांकि, अब तक मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। शिंदे ने इस हफ्ते कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व के फैसले का पालन करेंगे। इस बयान ने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री बनने की संभावना को और मजबूत कर दिया है।
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी
भाजपा के राज्य अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने घोषणा की है कि महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को शाम 5 बजे मुंबई के आजाद मैदान में होगा। उन्होंने कहा कि यह समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।
शिंदे का बड़ा निर्णय संभव
शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने शनिवार को कहा कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार तक कोई बड़ा राजनीतिक फैसला ले सकते हैं। उन्होंने कहा, "शिंदे साहब जब भी बड़े फैसले लेते हैं, वह अपने गांव जाकर समय लेते हैं। मुझे लगता है कि कल शाम तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।"

More Stories
असम सरकार का बड़ा प्रस्ताव, एक से ज्यादा शादी करने वालों पर सरकारी सुविधाओं की रोक
पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका, सजा बरकरार
उपचुनाव से पहले बीजेपी को झटका, अभिषेक बंटी ने नामांकन लिया वापस