बीजापुर.
छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान जारी है। मताधिकार का प्रयोग करने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बस्तर में एक बजे तक 42.57 फीसदी मतदान हुआ है। बस्तर लोकसभा सीट के नारायणपुर जिले के तहत आने वाले छोटे डोंगर गांव में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। ग्रामीण मतदान के समय से पहले ही पोलिंग बूथ पर पहुंच गए थे।
मतदान केंद्र का गेट खुलने पर मतदाताओं ने वोट डालने के लिए दौड़ लगाते हुए लाइन में लग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सुकमा जिले में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। नक्सल प्रभावित इलाकों से ग्रामीण अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। केरलापाल के पोंगाभेजी, रबड़ीपारा और सिरसट्टी इलाके से बड़ी संख्या में आदिवासी ट्रैक्टरों में सवार होकर वोट डालने पहुंचे।
यूबीजीएल सेल ब्लास्ट में जवान घायल
बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के गलगम इलाके में एरिया डॉमिनेशन पर निकली सीआरपीएफ की टीम में तैनात एक जवान यूबीजीएल सेल ब्लास्ट होने से जख्मी हो गया। पुलिस के मुताबिक गलगम पोलिंग बूथ से 500 मीटर की दूरी पर एरिया डॉमिनेशन पर पार्टी निकली थी। घायल जवान का प्राथमिक उपचार कर इवाक्यूएट किया जा रहा है।
आईईडी ब्लास्ट में एक जवान घायल
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के चिह्का में आईईडी ब्लास्ट में एक जवान के घायल होने की जानकारी मिल रही है। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के अतिसंवेदनशील ग्राम चिह्का में एरिया डॉमिनेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट होने से सीआरपीएफ के सहायक सेनानी मनु एचसी घायल हो गए हैं। उन्हें बायें हाथ और बायें पैर में चोट आई है। यह घटना चिह्का पोलिंग बूथ के आसपास के दायरे में एरिया डॉमिनेशन के दौरान हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ईवाक्यूएट किया जा रहा है।
घटना पर सीएम साय ने जताया दुख
वहीं घटना पर सीएम साय ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर लोकसभा में जारी मतदान के बीच बीजापुर में UBGL ब्लास्ट होने से मतदान केंद्र की सुरक्षा में लगे एक जवान के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। घायल जवान के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है। जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

More Stories
मेडिकल छात्रों के लिए अपडेट, सिम्स की 150 एमबीबीएस सीटें भरीं, पीजी की 91 सीटों पर एडमिशन शुरू
छत्तीसगढ़ में शिक्षाकर्मी भर्ती घोटाले पर कार्रवाई, पंडरिया के 22 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश
बीमार जुड़वा बच्चों की देखभाल के लिए महिला प्रहरी को राहत, कोर्ट ने दी 80 दिन की अतिरिक्त छुट्टी