लखनऊ। परिसीमन विधेयक को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। संसद के आगामी विशेष सत्र के दौरान सपा के सांसद परिसीमन बिल का विरोध करेंगे। पार्टी ने लोकसभा में अपने सभी सदस्यों के लिए तीन पंक्ति का व्हिप जारी किया है, जिसमें सांसदों को सदन की कार्यवाही के दौरान पूरे समय मौजूद रहने और सरकार के विधेयकों के खिलाफ मतदान करने का निर्देश दिया गया है।
तीन पंक्ति का व्हिप जारी
यह व्हिप समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक और लोकसभा सांसद धर्मेंद्र यादव की ओर से जारी किया गया है। इस तीन पंक्ति के व्हिप में उल्लेख किया गया है कि 30 नवंबर 2026 से संसद का विशेष सत्र आरंभ हो रहा है, जो 3 दिसंबर तक चलेगा।
इस सत्र में सरकार संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 और संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक 2026 प्रस्तुत कर रही है। इसमें सपा सांसदों को पूरी अवधि के दौरान सदन में उपस्थित रहने को कहा गया है।
लोकसभा में हैं सपा के 37 सांसद
धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा के सभी सपा सांसदों को यह पत्र भेजा है। व्हिप के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने साफ किया है कि उसके सांसद सदन में इन विधेयकों का विरोध करेंगे। सपा के इस कदम से सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है।
गौरतलब है कि लोकसभा में समाजवादी पार्टी के 37 सांसद हैं। सपा सांसदों के विरोध में उतरने से सरकार के लिए परिसीमन बिल के पक्ष में दो-तिहाई बहुमत जुटाना और कठिन हो सकता है। इससे पहले अप्रैल 2026 में भी परिसीमन से जुड़े विधेयक इसलिए पारित नहीं हो पाए थे क्योंकि संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत सरकार नहीं जुटा सकी थी। ऐसे में अब सपा के व्हिप ने सरकार की चुनौतियां बढ़ा दी हैं।
भाजपा पर लगाया आरोप
इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि सपा महिला आरक्षण के विरोध में नहीं है, लेकिन पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में लोकसभा सीटें बढ़ाना चाहती है।

More Stories
राजस्थान में नकली यूरिया बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़, पांच नामी कंपनियों के ब्रांड का हो रहा था इस्तेमाल
CJP ने सरकार को लेकर जताई आशंका, तूफान से पहले की शांति बताया मौजूदा माहौल
कानपुर के विनीत मिनोचा हत्याकांड में 3455 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, बेटा सुब्रत समेत तीन आरोपी