नई दिल्ली। देश में साइबर हमलों का जोखिम तेजी से गहराता जा रहा है। सरकारी विभागों, बैंकों और निजी कंपनियों को हर सप्ताह हजारों साइबर हमलों का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को सामने आई एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है कि 25 मई से 16 नवंबर 2026 के छह माह की अवधि में भारत के संस्थानों पर प्रति सप्ताह औसतन 3,619 साइबर हमले दर्ज किए गए। वैश्विक औसत 2,435 हमलों के मुकाबले यह संख्या काफी ऊंची है।
सरकारी और वित्तीय ढांचे पर बढ़ता दबाव
रिपोर्ट के अनुसार, देश में सरकारी एजेंसियां और वित्तीय सेवाएं देने वाले संस्थान हैकर्स के मुख्य निशाने पर बने हुए हैं। भारत में बैंकिंग मालवेयर से जुड़ा खतरा वैश्विक औसत की तुलना में करीब तीन गुना पाया गया है।
यह अध्ययन ऐसे दौर में सामने आया है, जब इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (सीईआरटी-इन) ने भी चेतावनी जारी करते हुए आर्थिक लेनदेन में ठगी, भुगतान माध्यमों के गलत इस्तेमाल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित हमलों को लेकर सतर्क किया है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने की जरूरत
चेक प्वॉइंट सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज के प्रबंध निदेशक और भारत व दक्षिण एशिया के प्रमुख कृष्णन वीवी का कहना है कि संस्थानों को अपने नेटवर्क, सिस्टम और यूजर खातों की निरंतर निगरानी करनी चाहिए।
प्रतिष्ठानों के लिए यह आवश्यक है कि वे तकनीकी खामियों को वक्त रहते ठीक करें और किसी भी संदिग्ध हलचल को तुरंत पकड़ें। रिपोर्ट में यह सुझाव भी दिया गया है कि संस्थान इंटरनेट से जुड़े सिस्टम, एप्लिकेशन और बाहरी (थर्ड-पार्टी) संपर्कों का अद्यतन ब्योरा रखें।

More Stories
मुंबई एयरपोर्ट पर एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई, 39.8 करोड़ रुपये के ड्रग्स और सोने की खेप बरामद, नौ गिरफ्तार
बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं, खाई में वाहन गिरने से आठ की मौत
जलवायु परिवर्तन का नया खतरा, गर्मी बढ़ने के साथ आसमानी बिजली भी बरपाएगी कहर