November 29, 2026

हेल्दी और टेस्टी खाने का है मन? चुकंदर से बनाएं ये 5 शानदार पकवान

सर्दी का मौसम शुरू होते ही मंडियों और बाजारों में तरह-तरह की ताजी व पौष्टिक सब्जियां नजर आने लगती हैं। इन्हीं में से एक चुकंदर भी है, जिसे सेहत के लिहाज से बेहद गुणकारी माना जाता है। चुकंदर अपने गहरे लाल रंग और हल्की मिठास वाले स्वाद के कारण खास पहचान रखता है। इसमें फाइबर, फोलेट, पोटैशियम समेत कई आवश्यक पोषक तत्व मौजूद होते हैं, इसलिए जाड़ों के दिनों में इसे अपने खानपान का हिस्सा बनाना एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

सामान्य तौर पर लोग चुकंदर को केवल सलाद या रस के तौर पर खाना पसंद करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इससे कई लजीज और अलग-अलग व्यंजन भी तैयार किए जा सकते हैं? चुकंदर की मदद से पराठा, हलवा, कटलेट, सूप और रायता जैसे पकवान बनाए जा सकते हैं। इसकी एक खासियत यह है कि इनका स्वाद छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोगों को भा सकता है।

यदि आप भी रोजाना एक जैसा भोजन कर ऊब चुके हैं और सर्दियों में कुछ नया तथा स्वास्थ्यवर्धक आजमाना चाहते हैं, तो चुकंदर से बनने वाली ये पांच सहज रेसिपी आपके लिए शानदार विकल्प बन सकती हैं। आइए जानते हैं इन्हें तैयार करने के सरल तरीके।

चुकंदर का पराठा

ठंड के दिनों में गरमागरम पराठों का स्वाद ही निराला होता है। इसके लिए चुकंदर को कस लें और उसमें बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, अजवाइन तथा सामान्य मसाले डालकर मिलाएं। इस मिश्रण को गुंथे हुए आटे में भरकर या सीधे आटे के साथ मिलाकर पराठे सेंक लें। दही या अचार के साथ परोसने पर इसका रंग और स्वाद दोनों ही बेहतरीन लगते हैं।

चुकंदर का हलवा

यदि आपको मीठे व्यंजन पसंद हैं, तो चुकंदर का हलवा अवश्य बनाकर देखें। इसे बनाने के लिए कद्दूकस किए चुकंदर को देसी घी में अच्छी तरह भूनें। इसके बाद उसमें दूध और जरूरत के हिसाब से चीनी डालें तथा धीमी आंच पर पकने दें। आखिर में इलायची का पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाकर गरमागरम सर्व करें। सर्दियों के लिए यह एक स्वादिष्ट मिठाई है।

चुकंदर के कटलेट

शाम की चाय के साथ कुछ चटपटा और करारा खाने की इच्छा हो, तो चुकंदर के कटलेट तैयार किए जा सकते हैं। उबले हुए आलू और कद्दूकस चुकंदर में ब्रेड क्रम्ब्स, हरी मिर्च, धनिया तथा मसाले मिलाएं। इन्हें कटलेट या टिक्की का रूप देकर तवे पर थोड़े से तेल में सुनहरा होने तक सेकें। हरी चटनी या सॉस के साथ इनका जायका और निखर जाता है।

चुकंदर का सूप

सर्दियों में गर्मागर्म सूप पीने का अपना ही आनंद है। चुकंदर का सूप तैयार करने के लिए चुकंदर, गाजर, टमाटर और प्याज को उबाल लें। ठंडा होने पर इन्हें मिक्सी में पीसकर मुलायम प्यूरी बना लें। इसके बाद इसमें काली मिर्च, नमक और थोड़ा मक्खन डालकर कुछ मिनट पकाएं। स्वादिष्ट और पोषक तत्वों से भरपूर चुकंदर का सूप तैयार है।

चुकंदर का रायता

भोजन के साथ कुछ ठंडा और जायकेदार परोसना हो, तो चुकंदर का रायता बनाया जा सकता है। इसके लिए उबले हुए चुकंदर को कद्दूकस करके अच्छी तरह फेंटे हुए दही में मिला दें। फिर ऊपर से भुना जीरा पाउडर, काला नमक और थोड़ा हरा धनिया बुरकें। यह रायता भोजन का स्वाद बढ़ाने के साथ रोजमर्रा की डाइट में चुकंदर जोड़ने का एक सरल जरिया है।