November 27, 2026

चार साल बाद बदली लक्ष्मी सिंह की तैनाती, अब संभालेंगी गाजियाबाद की जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का प्रभार सौंपा गया है। लक्ष्मी सिंह पिछले चार वर्षों से गौतमबुद्धनगर के पुलिस आयुक्त का दायित्व निभा रही थीं, जिन्हें अब गाजियाबाद में तैनात किया गया है।

जोन और रेंज स्तर पर हुए फेरबदल

इसके अतिरिक्त लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन स्थानांतरित किया गया है, जबकि उनके स्थान पर बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का एडीजी बनाया गया है। लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है, वहीं अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज की कमान दी गई है।

प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना बनाया गया है, जबकि वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज भेजा गया है। सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा और आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ स्थानांतरित किया गया है। तकनीकी सेवाएं के डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज का डीआईजी नियुक्त किया गया है।

अन्य अधिकारियों और पीएसी में तैनाती

अन्य प्रमुख अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव हुआ है, जिसके तहत अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी और मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में एसपी बनाया गया है।

पीएसी तथा अन्य इकाइयों में भी तबादले किए गए हैं। आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक आकाश तोमर को डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद का एसपी नियुक्त किया गया है। 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक अमित कुमार प्रथम को ईओडब्ल्यू का एसपी और 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा के सेनानायक नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर का एसपी बनाया गया है।

36वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को एसपी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं की जिम्मेदारी दी गई है। 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा के सेनानायक त्रिभुवन सिंह को एसपी जीआरपी मुख्यालय लखनऊ और 42वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी अभिसूचना मुख्यालय बनाया गया है। 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीएस गोरखपुर तथा 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा को एसपी यूपी पावर कॉरपोरेशन नियुक्त किया गया है।

कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज कमिश्नरेट और प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है।

तीन अधिकारियों के तबादले निरस्त

स्थानांतरण आदेश में तीन अधिकारियों के पहले जारी किए गए तबादले भी रद्द किए गए हैं। पुनीत द्विवेदी को एडीसीपी गाजियाबाद, नीतू को एडीसीपी लखनऊ और अमित कुमावत को एडीसीपी आगरा बनाया गया है, जबकि इनके पूर्व में लखनऊ, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में तैनाती के आदेश निरस्त किए गए हैं।