November 28, 2026

युवाओं के सवालों का हवाला देकर सपा पर बरसे सीएम योगी, पूछा- पहले क्या किया?

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा यह सवाल पूछ रहा है कि जब आप सत्ता में थे, तब क्या काम किया था और अब आगे क्या करोगे। वर्ष 2017 से पूर्व के हालात का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश की पहचान बीमारू राज्य के रूप में होती थी, जहां नौजवानों को पलायन करना पड़ता था, किसानों को आत्महत्या करनी पड़ती थी और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं बनी रहती थीं।

भ्रष्टाचार और परिवारवाद पर कड़ा प्रहार

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पहले के समय में प्रदेश की भर्ती प्रक्रिया और विकास कार्यों पर परिवारवाद तथा भ्रष्टाचार का कब्जा था। उन्होंने कहा कि चाचा-भतीजा की जोड़ी भ्रष्टाचार में डूबी रहती थी और सरकारी नौकरियों से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं तक में आम लोगों के हितों को नजरअंदाज किया जाता था। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले सैफई ही सारी नौकरियां हड़प जाता था, जबकि मौजूदा समय में एक पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से काबिल युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार मिल रहा है।

कानून व्यवस्था और गुंडागर्दी को लेकर तंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले राज्य में गुंडागर्दी अपने चरम पर थी और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई थी। उन्होंने उस दौर को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन गुंडा’ की स्थिति बताते हुए समाजवादी पार्टी पर तंज कसा और कहा, ‘देख सपाई बिटिया घबराई।’

विकास के विजन और पहचान के संकट पर बयान

सीएम ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के पास प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं था और विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि को चाचा-भतीजे की जोड़ी हड़प लेती थी। उनके मुताबिक, आज बेहतर सड़क संपर्क व्यवस्था राज्य के विकास की मजबूत नींव बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को पूरा करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका बेहद निर्णायक होगी। योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि अब प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट समाप्त हो चुका है और सरकार ने उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हुए राज्य में सकारात्मक व विकासोन्मुख वातावरण तैयार किया है।