उत्तराखंड में विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब अगले छह महीने तक बाबा केदार के दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे. परंपरा के अनुसार, बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ऊखीमठ पहुंची, जहां भक्तों ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया. इसके बाद बाबा केदारनाथ की उत्सव डोली को ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान कराया गया. अब शीतकाल के दौरान श्रद्धालु यहीं बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे. इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा.
भगवान केदारनाथ का शीतकालीन निवास
रुद्रप्रयाग जिल के उखीमठ में स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर भगवान केदारनाथ का शीतकालीन निवास है और उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है. सर्दियों के लिए जब श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो जाते हैं, तो बाबा केदारनाथ के पंचमुखी चल विग्रह को इसी मंदिर में स्थापित किया जाता है, जहां पूजा-अर्चना की जाती है. ऊखीमठ का ओंकारेश्वर मंदिर सिर्फ एक मंदिर नहीं बल्कि सदियों पुरानी परंपरा और आस्था का प्रतीक है. हाल ही में नवंबर 2026 में कपाट बंद होने के बाद यह डोली ऊखीमठ पहुंच चुकी है और अगले सीजन में यात्रा खुलने पर इसे वापस केदारनाथ लाया जाता है.
केदारनाथ धाम पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार
यह बाबा केदार की उत्सव मूर्ति है, जिसे डोली में रखकर मौसम के अनुसार केदारनाथ धाम और शीतकालीन गद्दीस्थल के बीच लाया-ले जाया जाता है. जब गर्मियों में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का समय आता है, तो ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा और पंच स्नान के बाद पंचमुखी डोली केदारनाथ के लिए रवाना होती है. केदारनाथ धाम पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरागत अनुष्ठानों के साथ पंचमुखी विग्रह को मंदिर में स्थापित किया जाता है, जिसके बाद नियमित पूजा-अर्चना और दर्शन का क्रम चलता है.
12 साल की थी तपस्या
ओंकारेश्वर शिवलिंग की पूजा पूरे वर्ष होती है और यह पंच केदारों के मुख्य पुजारियों (रावल) का भी शीतकालीन निवास स्थल है. मान्यता है कि सूर्यवंशी राजा मानधाता ने यहां भगवान शिव के लिए एक पैर पर खड़े होकर 12 वर्षों तक तपस्या की थी. शिव ने ‘ओंकार’ ध्वनि के रूप में दर्शन दिए, जिससे नाम ओंकारेश्वर पड़ा.

More Stories
हनुमानजी को क्यों चढ़ाया जाता है बेसन और बूंदी के लड्डू का भोग? जानिए इस परंपरा का धार्मिक महत्व और किन ग्रहों से है संबंध
सीधी की इस रहस्यमयी गुफा में रहते नाग देवता! गाय-भैंस का दूध बढ़ने की मान्यता, नागपंचमी पर उमड़ती भीड़
मार्गशीर्ष अमावस्या पर करें ये 4 खास उपाय, पितरों का मिलेगा आशीर्वाद, घर में आएगी सुख-समृद्धि