मेरठ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल पश्चिमी यूपी में अपने पारंपरिक जनाधार को विस्तार देने के लिए नई सोशल इंजीनियरिंग पर काम कर रहा है। रालोद की नजर खास तौर पर गुर्जर समाज को अपने साथ जोड़ने पर है। इसके तहत महान स्वतंत्रता सेनानी व किसान नेता विजय सिंह पथिक के नाम और उनके योगदान को सामाजिक-राजनीतिक अभियानों का आधार बनाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए पार्टी उनकी जयंती 27 फरवरी को मेरठ के मवाना में बड़ी रैली आयोजित करेगी। बुलंदशहर के गुर्जर परिवार में जन्मे और बिजौलिया किसान आंदोलन का नेतृत्व करने वाले विजय सिंह पथिक का पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इतिहास तथा गुर्जर समाज में गहरा सम्मान है। बीते कुछ महीनों में नोएडा समेत कई आयोजनों में जयंत चौधरी विजय सिंह पथिक के संघर्ष और किसान हितों से जुड़े कार्यों का उल्लेख कर चुके हैं। पार्टी आने वाले दिनों में जनसभाओं और सामाजिक संवाद के जरिए पथिक की विरासत को प्रमुखता से आगे बढ़ाएगी तथा उनके नाम पर प्रदेश भर में विशेष कार्यक्रम होंगे।
जयंत चौधरी की छवि को विस्तार देने की रणनीति
रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पार्टी की छवि को महज जाट राजनीति तक सीमित न रखकर उसे व्यापक स्वरूप देना चाहते हैं। इसी क्रम में पार्टी जाट, गुर्जर, दलित और मुस्लिम समीकरण पर काम करने जा रही है। हाल ही में मेरठ में हुए अल्पसंख्यक सम्मेलन और दिल्ली में गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों के साथ जयंत चौधरी की बैठक इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा है, हालांकि गुर्जर समाज में पकड़ मजबूत करने के लिए रालोद को सपा से भी चुनौती मिल सकती है।
गांव-गांव दस सदस्यीय टीमें और सीटों पर दावेदारी
एनडीए गठबंधन का हिस्सा बनने और 2024 के लोकसभा चुनाव में बागपत व बिजनौर सीटें जीतने के बाद रालोद अब यूपी विधानसभा चुनाव में अपनी स्वतंत्र संगठनात्मक ताकत बढ़ाने में जुटी है। पार्टी ग्रामीण स्तर पर सीधे संवाद के लिए दस-दस सदस्यों की विशेष टीमें गठित कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत 35 से 40 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर सकती है। पार्टी का कहना है कि गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आजाद समाज पार्टी की सक्रियता और सपा के पीडीए समीकरण के बीच जयंत चौधरी की यह नई रणनीति तथा गुर्जर समाज को साधने की कवायद विधानसभा चुनाव में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकती है।

More Stories
आईफोन और एपल अकाउंट सुरक्षित रहे, लेकिन ठगों ने ऐसे लगाया अमेरिकियों को चूना
राजस्थान में बढ़ी सर्दी की आहट, फतेहपुर में तापमान 4.3 डिग्री पर पहुंचा
दिल्ली में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक, जानें किस इलाके का कितना रहा AQI