चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन और फिर से एक साथ आने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसी घटनाक्रम के बीच मंगलवार, 24 नवंबर को दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की एक महत्वपूर्ण संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की जा रही है। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर एक बजे नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में प्रस्तावित है, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। पुराने सहयोगियों के दोबारा एक मंच पर आने की संभावना से पंजाब की राजनीति और चुनावी समीकरणों को लेकर हलचल बढ़ गई है।
किसान आंदोलन के बाद टूटा था पुराना गठबंधन
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था और 26 सितंबर 2020 को शिरोमणि अकाली दल एनडीए से अलग हो गया था। किसानों के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपना पद्म विभूषण सम्मान भी लौटा दिया था। वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ने के बाद अब दोनों दलों के बीच नजदीकियां फिर बढ़ती दिख रही हैं।
मुख्यमंत्री चेहरे और सीटों को लेकर संभावित मतभेद
गठबंधन की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री चेहरे और सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान के कयास भी लगाए जा रहे हैं। शिरोमणि अकाली दल सुखबीर सिंह बादल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा प्रोजेक्ट करना चाहता है ताकि गठबंधन में उसकी वरिष्ठ भूमिका कायम रहे। दूसरी ओर, भाजपा चुनाव से पहले किसी भी मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा करने के पक्ष में नहीं मानी जा रही है और अपने जनाधार का हवाला देते हुए अधिक सीटों पर दावेदारी कर रही है। यदि अकाली दल अधिक सीटों पर चुनाव लड़ता है तो मुख्यमंत्री पद पर उसका दावा मजबूत हो सकता है, जबकि भाजपा उपमुख्यमंत्री पद पर जोर दे सकती है।

More Stories
अमित शाह का बड़ा संकल्प, 2029 के अंत तक पंजाब में ड्रग्स का होगा सफाया
BJP ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, देश के प्रति नफरत का लगाया आरोप
सोनिया गांधी को सावरकर के परपोते का लीगल नोटिस, जानिए क्या है मामला