रांची। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पार्टी पर दशकों से उद्योगपतियों के साथ अवैध सांठगांठ करने और काले धन के सहारे चुनावों को प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सत्तर के दशक में छपी एक पुरानी अखबारी कतरन साझा की। इसके आधार पर उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वर्ष 1977 के आम चुनाव को प्रभावित करने के लिए कारोबारियों से 113 करोड़ रुपये जुटाए थे। दुबे के आकलन के अनुसार, उस दौर में खर्च की गई यह धनराशि आज के बाजार मूल्य के हिसाब से लगभग 25 हजार करोड़ रुपये के बराबर बैठती है।
प्रत्येक उम्मीदवार को दो लाख रुपये और दो जीप देने का दावा
पुरानी खुफिया रिपोर्ट का संदर्भ देते हुए निशिकांत दुबे ने कहा कि उस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्येक लोकसभा प्रत्याशी को दो लाख रुपये की नकदी और दो जीप उपलब्ध कराई गई थीं। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी चंदे और व्यावसायिक हितों के बीच पुराने गठजोड़ का आरोप लगाते हुए इसे भारतीय राजनीति का काला अध्याय करार दिया। दुबे इन दिनों सोशल मीडिया पर 'कांग्रेस का काला अध्याय' शीर्षक से एक सिलसिलेवार अभियान चला रहे हैं। इसकी 252वीं कड़ी में उन्होंने उल्लेख किया कि 23 नवंबर 1978 को खुफिया ब्यूरो (आईबी) की एक रिपोर्ट सार्वजनिक हुई थी, जिसमें इंदिरा गांधी और उद्योगपतियों के बीच कथित साठगांठ का पर्दाफाश किया गया था। दुबे ने सर्वाधिक चंदा देने का आरोप आरपी गोयनका पर मढ़ा और दावा किया कि गोयनका को तीन अक्तूबर 1977 को काले धन से जुड़े मामले में गिरफ्तार भी किया गया था, जिस पर आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने कई बार छापेमारी की थी।
विदेशी कंपनियों और सीआईए से भी धन लेने का लगाया आरोप
बीजेपी सांसद ने सरकारिया आयोग और हजारी आयोग की रिपोर्टों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि बिड़ला समूह ने वर्ष 1957 से 1977 के दौरान कांग्रेस को आर्थिक लाभ पहुंचाकर औद्योगिक लाइसेंस प्राप्त किए थे। इसके साथ ही उन्होंने कोका-कोला और आईबीएम जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियों पर भी कांग्रेस को चंदा देने का आरोप लगाया। निशिकांत दुबे ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि इन गंभीर आरोपों से घिरने के बाद इंदिरा गांधी ने तत्कालीन जनता पार्टी में फूट डालने के लिए हर संभव हथकंडा अपनाया। उन्होंने भारत में अमेरिका के पूर्व राजदूत डेनियल पैट्रिक मोयनिहान की 1978 में प्रकाशित पुस्तक का हवाला देते हुए अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए पर भी कांग्रेस को धन देने और विपक्षी दलों को तोड़ने में भूमिका निभाने का आरोप लगाया। इससे एक दिन पूर्व दुबे ने अपनी इसी शृंखला की 251वीं कड़ी में वर्ष 1957 में बाबर से जुड़ी वस्तुओं को अफगानिस्तान भेजे जाने तथा गांधी परिवार के सदस्यों की बाबर की मजार यात्रा का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को घेरा था।

More Stories
सहयोगी दलों के विधायकों संग CM विजय की बैठक, सियासी हलचल तेज
पहले विवादित टिप्पणियों पर माफी मांगें बीजेपी नेता, फिर दें लोकतंत्र की दुहाई: प्रभाकर
मोदी और शाह के बीच क्या चल रहा है? सियासी गलियारों में उठे सवाल