November 14, 2026

देवउठनी एकादशी पर घर में बनाएं गन्ने का मंडप, भगवान नारायण के जागते ही शुरू मांगलिक कार्य, जानें पूजा की विधि

हिंदू धर्म में दीपावली के बाद आने वाली देवउठनी एकादशी पर्व का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं. भगवान के जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी मानी जाती है. देवउठनी एकादशी पर घरों में भगवान विष्णु के साथ स्थानीय और कुल देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना करने की परंपरा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन विधि-विधान से पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि और वंशवृद्धि बनी रहती है.

करौली के कर्मकांड ज्योतिषी पंडित मनीष उपाध्याय के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को भगवान नारायण अपनी योगनिद्रा का त्याग करेंगे. इसी दिन से देव प्रबोधिनी एकादशी के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह की परंपरा भी शुरू होगी. इस वर्ष देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे से शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6:32 बजे तक रहेगी.
भगवान विष्णु के लिए बनाएं गन्ने का मंडप :
पंडित मनीष उपाध्याय बताते हैं कि देवउठनी एकादशी के दिन घर में भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करना शुभ माना जाता है. खास बात यह है कि इस दिन भगवान नारायण के लिए गन्ने का मंडप बनाया जाता है. धार्मिक मान्यता में गन्ने के मंडप को भगवान विष्णु के स्वागत और पूजा का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है.

गन्ने से मंडप तैयार करने के बाद उसके नीचे भगवान विष्णु और अन्य देवी-देवताओं की पूजा की जाती है. इसके साथ ही पूजा में मौसमी फल और सब्जियां अर्पित करने की परंपरा है. विशेष रूप से बेर, सिंघाड़ा, शकरकंद और मूली भगवान को चढ़ाए जाते हैं. मान्यता है कि इन चीजों को अर्पित करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.

घर के देवताओं की भी करें पूजा :
देवउठनी एकादशी पर केवल भगवान विष्णु की पूजा ही नहीं, बल्कि घर के स्थानीय देवताओं और कुल देवताओं की पूजा का भी विशेष महत्व माना जाता है. परिवार के लोग सुबह स्नान के बाद पूजा स्थल की साफ-सफाई कर भगवान विष्णु का स्मरण करते हैं. इसके बाद गन्ने का मंडप बनाकर दीप जलाया जाता है और फल-सब्जियों का भोग लगाया जाता है. पंडित मनीष उपाध्याय के मुताबिक देवउठनी एकादशी भगवान विष्णु के जागरण का पर्व है. इसलिए इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा करने के साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करनी चाहिए. इस दिन से हिन्दू धर्म में धार्मिक और मांगलिक आयोजनों का शुभ दौर भी शुरू हो जाता है.