November 6, 2026

अंबिकापुर में गरजे गृहमंत्री विजय शर्मा, विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत सरगुजा में एक विशाल पदयात्रा और आमसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष एसआईआर को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रहा है और पड़ोसी देशों जैसे हालात पैदा करने की मानसिकता रखता है।

पीजी कॉलेज मैदान से निकली विशाल पदयात्रा

भाजपा की यह पदयात्रा शहर के पीजी कॉलेज मैदान से शुरू होकर आंबेडकर चौक, गांधी चौक और घड़ी चौक से गुजरते हुए कलाकेंद्र मैदान पहुंची, जहां यह आमसभा में तब्दील हो गई। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव और जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि संविधान में भी किसी विदेशी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष अवैध घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने की पैरवी कर रहा है। उन्होंने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान ऐसे करीब 3 करोड़ नाम सामने आए, जिनके संबंध में न तो कोई मतदाता सामने आया और न ही किसी ने कोई दावा-आपत्ति पेश की। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने पर विपक्ष वोट चोरी का मनगढंत आरोप लगाने लगता है।

छत्तीसगढ़ में 27 लाख से अधिक फर्जी नाम हटे

गृहमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में एसआईआर की प्रक्रिया के तहत 27 लाख से ज्यादा अपात्र और फर्जी मतदाताओं के नाम पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार हटाए गए हैं। सही मतदाताओं को सूची में बनाए रखते हुए केवल अवैध नामों को छांटा गया है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर झूठा नैरेटिव गढ़ने की कोशिश में लगी है।

देश को अस्थिर करने की साजिश का दावा

नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि विदेशी ताकतों की मदद से देश की शांति और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष षड्यंत्र रचकर देश में अराजकता फैलाना चाहता है जिसे जागरूक जनता और भाजपा कार्यकर्ता कभी सफल नहीं होने देंगे।