November 6, 2026

सुनेत्रा पवार से अनबन की चर्चाओं के बीच शरद पवार से मिले प्रफुल्ल पटेल

मुंबई। महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में उस समय हलचल तेज हो गई, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने गुरुवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचकर एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

पवार की सेहत स्थिर, एक-दो दिन में मिलेगी छुट्टी

शरद पवार से मुलाकात के पश्चात प्रफुल्ल पटेल ने मीडिया को बताया कि पवार की स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह स्थिर है। डॉक्टरों द्वारा आवश्यक मेडिकल चेकअप पूरा किए जाने के बाद उन्हें अगले एक-दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिलने और घर लौटने की उम्मीद है।

पार्टी की अंदरूनी कलह के बीच मुलाकात से गरमाई राजनीति

प्रफुल्ल पटेल का यह अस्पताल दौरा ऐसे समय में हुआ है जब एनसीपी के भीतर अंदरूनी खींचतान की खबरें सामने आ रही हैं। पटेल को पार्टी की वर्तमान अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के नेतृत्व से असंतुष्ट बताए जा रहे नेताओं के समूह में गिना जाता है। ऐसे में शरद पवार के साथ उनकी इस मुलाकात को महज शिष्टाचार न मानते हुए राजनीतिक गलियारों में नए सियासी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

सांस में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे पवार

उल्लेखनीय है कि 84 वर्षीय शरद पवार को सांस लेने में परेशानी और छाती में संक्रमण के चलते बुधवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से डिस्चार्ज किया गया था। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रतीत समदानी ने बताया कि पवार का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।