नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के व्यस्ततम इलाके चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की चपेट में आने से कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
निर्माणाधीन इमारत ढही, राहत कार्य जारी
दमकल विभाग को गुरुवार सुबह लगभग 9:50 बजे चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल अधिकारी (एसओ) डीके राय के अनुसार, चावड़ी बाजार स्थित यह तीन मंजिला इमारत निर्माणाधीन थी, और इसके भीतर कुछ लोगों के फंसे होने की संभावना है। दमकल और बचाव दल मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।
मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने हुआ हादसा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा चावड़ी बाजार में मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने हुआ। व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण घटना के समय आसपास काफी चहल-पहल थी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने संबंधित क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है ताकि बचाव अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए।

More Stories
बाढ़ के पानी में बड़ा हादसा, मछुआरों को बचाने SDRF टीम की नावें पलटीं
सत्य से धर्म की रक्षा, सदाचार से परिवार सुरक्षित; पीएम मोदी ने समझाया महाभारत का संदेश
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां पूरी, आज से रोशनी में नहाएगी रामनगरी