October 31, 2026

स्कूल में मासूम के साथ मारपीट का आरोप, घर पहुंचकर खोली पोल

नोएडा। सेक्टर-71 स्थित ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी कक्षा के सात वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 27 अक्तूबर की सुबह स्कूल परिसर में 15 से अधिक बच्चों ने छात्र को फर्श पर गिराकर बेरहमी से पीटा। घर पहुंचकर पीड़ित बच्चे ने परिजनों को आपबीती सुनाई और शरीर में दर्द होने की शिकायत की, जिसके बाद पिता ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया।

फुटेज दिखाने में आनाकानी का आरोप

पीड़ित छात्र के पिता चिराग ढिंगरा का आरोप है कि घटना की जानकारी देने के बाद भी स्कूल प्रबंधन ने करीब नौ घंटे तक सीसीटीवी फुटेज दिखाने में टालमटोल की। काफी दबाव के बाद प्रबंधन ने मोबाइल फोन पर फुटेज की रिकॉर्डिंग दिखाई, जिसमें कथित तौर पर कई बच्चे छात्र से मारपीट करते दिख रहे हैं। सेक्टर-61 निवासी पिता की शिकायत के आधार पर कोतवाली फेज-3 पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है।

पुलिस में शिकायत दर्ज

शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने 27 अक्तूबर की सुबह करीब 7:40 बजे अपने बेटे को स्कूल छोड़ा था। स्कूल परिसर के भीतर ही कक्षा के और अन्य बच्चों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। पिता चिराग ढिंगरा की शिकायत पर पुलिस ने मामले से संबंधित स्कूली बच्चों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।