October 31, 2026

मासूम बच्ची को बेरहमी से पीटा, सिर बेंच पर पटका और ईंटों से किया हमला

पंचकूला। शहर के एक सरकारी स्कूल में छह वर्षीय बच्ची पर उसके ही आठ साल के सहपाठी द्वारा जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 28 अक्टूबर की दोपहर की है, जहां पहली मंजिल पर बने खाली क्लासरूम में ले जाकर बच्ची का सिर बेंच पर पटका गया और ईंट तथा डस्टबिन से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल बच्ची को बेहोशी की हालत में पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

छुट्टी के बाद हुआ घटना का खुलासा

स्कूल की छुट्टी होने पर जब ऑटो चालक को बच्ची नहीं मिली, तो उसने परिजनों को सूचित किया। पिता ने स्कूल पहुंचकर तलाश शुरू की, जिसके बाद आरोपी छात्र ने ही बच्ची के पहली मंजिल पर पड़े होने की जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि शिक्षकों की कमी के कारण बाल वाटिका की छह साल की बच्ची और तीसरी कक्षा का आठ साल का बच्चा एक ही कमरे में बैठते थे। घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी।

मामले की जांच के लिए समिति गठित

घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में सेक्टर-12 सार्थक स्कूल की प्राचार्य रेनू और सेक्टर-19 स्कूल की प्राचार्य निर्मल ढुल को शामिल किया गया है, जिन्हें दो दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिक विद्यालय प्रमुख मीनाक्षी जसवाल और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची का हालचाल जाना।

आयोग ने लिया संज्ञान, बच्चे का होगा परीक्षण

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तृप्ति हरिपाल श्योराण ने पुलिस जांच और स्कूल की संभावित लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसीपी विक्रम नेहरा के अनुसार पुलिस ने बच्ची के पिता के बयान दर्ज कर लिए हैं। वहीं आरोपी बच्चे की मानसिक स्थिति का आकलन करने के लिए उसका मनोवैज्ञानिक परीक्षण करवाया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।