October 15, 2026

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में अपना खिताब बरकरार रखने उतरेगी भारतीय टीम

नई दिल्ली ।  अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में उतरेगी। हॉकी इंडिया ने इस टूर्नामेंट के लिए 18 सदस्यीय टीम घोषित की है। ये टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में खेला जाएगा। इसमें भारतीय टीम का लक्ष्य अपना खिताब बरकरार रखना रहेगा। इसमें भारतीय टीम को अपने घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा।
हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने हाल में जापान में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था जिससे उसका मनोबल बढ़ा हुआ है इसका लाभ भी उसे मिलेगा। इससे टीम अब टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी जीत का सिलसिला बनाये रखना चाहेगी। ।
हॉकी इंडिया ने एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट में भी बरकरार रखा है। टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संयोजन है। अनुभवी गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक की टीम में वापसी हुई है, वहीं युवा डिफेंडर अमनदीप लकड़ा और मिडफील्डर आदित्य अर्जुन ललागे को भी इस टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने पंजाब में इस टूर्नामेंट को खेलने को एक विशेष अनुभव बताया। उन्होंने कहा, इस टीम में युवा जोश और अनुभव का शानदार मेल है, और हम घरेलू दर्शकों से मिलने वाली ऊर्जा का पूरा लाभ उठाने के लिए उत्साहित हैं। भारत में टूर्नामेंट खेलने जैसा अनुभव कहीं और नहीं मिलता। यह टूर्नामेंट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके साथ पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी हो रही है, जिसने भारतीय हॉकी को कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं और यहां इस खेल की गहरी परंपरा रही है। जालंधर और मोहाली के प्रशंसक एशिया की शीर्ष हॉकी टीमों को एक्शन में देखने के लिए उत्सुक हैं।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम मौजूदा एशियन चैंपियंस ट्रॉफी चैंपियन है और अब तक पांच बार यह खिताब जीतकर टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनी हुई है। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाते हुए भारतीय टीम एक बार फिर इस प्रतिष्ठित खिताब को अपने नाम करने की प्रबल दावेदार है। टूर्नामेंट की शुरुआत जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में होगी, जहां 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक उद्घाटन समारोह और लीग चरण के सभी मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता मोहाली पहुंचेगी, जहां 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 नवंबर को पदक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच अपने चरम पर होगा।