पटना, पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पटना प्रमंडलीय आयुक्त-सह-निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार ने उम्मीदवारों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने और चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी प्रकार के प्रलोभन या अनुचित सुविधा देने से बचने को कहा। बैठक में आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रोशन अली सहित शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवार और उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वहीं, मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कराई जाएगी।
– आचार संहिता के उल्लंघन पर रहेगी नजर
बैठक में आयुक्त ने उम्मीदवारों को अपना निर्वाचन अभिकर्ता और मतदान अभिकर्ता शीघ्र नियुक्त कर इसकी सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को किसी प्रकार का प्रलोभन देना या अनुचित सुविधा उपलब्ध कराना स्वीकार्य नहीं होगा। चुनाव के दौरान ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए पटना, नालंदा और नवादा जिलों में फ्लाइंग स्क्वाड की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये टीमें निर्वाचन संबंधी गतिविधियों पर नजर रखेंगी और आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करेंगी।
– आधिकारिक बैंगनी स्केच पेन से ही देना होगा मत
निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान प्रक्रिया के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान कक्ष में पीठासीन पदाधिकारी की ओर से उपलब्ध कराए गए आधिकारिक बैंगनी रंग के स्केच पेन से ही मतदाता अपनी पसंद के अभ्यर्थी के पक्ष में अधिमान्यता अंकित करेंगे। उन्होंने उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों से इस नियम के बारे में मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की, ताकि किसी तकनीकी गलती के कारण मतपत्र अमान्य होने की स्थिति से बचा जा सके।
– मतदान के दिन तीन वाहनों की अनुमति
प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, मतदान के दिन उम्मीदवार, उनके निर्वाचन अभिकर्ता और कार्यकर्ताओं के मतदान केंद्रों के भ्रमण के लिए कुल तीन वाहनों की अनुमति होगी। इनमें उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ता और कार्यकर्ताओं के लिए एक-एक वाहन शामिल है। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर विज्ञापन प्रसारित कराने से पहले उम्मीदवारों को जिला स्तर पर कार्यरत मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) से अनुमति लेनी होगी। पटना जिले में एमसीएमसी कोषांग समाहरणालय के तीसरे तल पर कार्यरत है।
– शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी
निर्वाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन या अन्य चुनाव संबंधी शिकायतों के लिए प्रशासन ने व्हाट्सएप नंबर 8114593939 जारी किया है। इस नंबर पर संबंधित घटना के फोटो या वीडियो क्लिप भेजे जा सकते हैं, ताकि शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रेक्षकों की भी नियुक्ति की गई है। निर्वाचन संबंधी शिकायतें संबंधित प्रेक्षकों तक भी पहुंचाई जा सकती हैं।
– प्रेक्षकों के संपर्क नंबर:
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: संतोष कुमार मल्ल- 8882134237
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: बी. कार्तिकेय धनजी- 9810922727
– 23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मतगणना की जाएगी। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

More Stories
गोपालगंज में शराब तस्करी का नया तरीका! नाव और बोलेरो से 895 लीटर शराब बरामद
किशनपोल और हवामहल-आमेर जोन में सेवा सेतु शिविर, नागरिकों को मिलेंगी सुविधाएं
सरपंच से सत्ता के शीर्ष तक पहुंचे नेता, राजस्थान की राजनीति में पंचायतों की अहम भूमिका