October 15, 2026

नदी की लहरों पर तैरता दो मंजिला मकान, अनोखा नजारा देख हर कोई हैरान

लुइसियाना। अमेरिका के लुइसियाना राज्य में एक हैरान करने वाला दृश्य देखने को मिला है, जहां एक पूरा दो मंजिला मकान नदी के पानी पर तैरता हुआ आगे बढ़ता नजर आया। दुनिया भर में आधुनिक तकनीक और इंजीनियरिंग के मेल से सामने आ रहे इस अनोखे नजारे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग पहली नजर में हैरान रह गए। यह घटना लुइसियाना के 'कट ऑफ' इलाके की बताई जा रही है।

मकान के बरामदे में आराम से बैठा दिखा व्यक्ति

स्थानीय निवासी ब्लू हॉवर्ड ने इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया। वीडियो में भूरे और सफेद रंग का एक बड़ा दो मंजिला मकान पानी की सतह पर आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है, जिसमें खिड़कियां, दरवाजे और बरामदे भी बने हुए हैं। वीडियो का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि मकान के बरामदे में एक व्यक्ति आराम से बैठा दिखाई देता है, जबकि घर पानी के बहाव के बीच आगे बढ़ता रहता है। आसपास किसी बड़ी नाव या टगबोट के न होने की वजह से इस दृश्य ने लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा अपनी ओर खींचा।

रिमो कंट्रोल तकनीक से पानी पर तैरता दिखा घर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भारी-भरकम मकान को पानी पर आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया था और इसे दूर से ही रिमोट कंट्रोल के जरिए संचालित किया जा रहा था। आमतौर पर तटीय और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर में बदलाव से निपटने के लिए तैरते घरों की अवधारणा अपनाई जाती है, जिन्हें विशेष फ्लोटिंग बेस पर तैयार किया जाता है। हालांकि, किसी सामान्य घर को पानी पर इस तरह सुरक्षित ले जाने के लिए उसकी संरचना, भार संतुलन और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है।