डिंडोरी। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के बस स्टैंड इलाके में उस वक्त भारी हड़कंप मच गया जब एक युवक रानी अवंति बाई की प्रतिमा पर जा चढ़ा। युवक के हाथ में प्रतिमा से निकाली गई तलवार थी, जिसे वह अपने पेट में घोंपने की धमकी देते हुए खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने लगा। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सूझबूझ दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
प्रतिमा पर चढ़कर दी खुदकुशी की धमकी
डिंडोरी में मंगलवार की सुबह अचानक एक युवक रानी अवंती बाई की मूर्ति पर चढ़ गया और मूर्ति में लगी तलवार निकालकर खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने लगा। इस हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा। पुलिस ने युवक की पहचान मझियाखार निवासी 30 वर्षीय नंदलाल बनवासी के रूप में की है। हालांकि, युवक ने अचानक ऐसा खतरनाक कदम क्यों उठाया, इसकी वजह शुरुआती तौर पर स्पष्ट नहीं हो पाई थी, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
क्या कहना है पुलिस का
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि भोपाल से लौटते वक्त बस में इस युवक का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। युवक के मन में यह डर बैठ गया था कि उसके साथ मारपीट की जाएगी। इसी डर और घबराहट की वजह से उसने ऐसा कदम उठाने की कोशिश की। पुलिस ने उसे समझाकर सुरक्षित अस्पताल में भर्ती करा दिया है। डॉक्टर यह जांच कर रहे हैं कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक है या नहीं, जिसके बाद उसे थाने लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी।
ड्राइवर और मारपीट के डर से उठाया कदम
घटना के बाद युवक ने खुद अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि बस का ड्राइवर उसके साथ मारपीट करने के लिए तैयार बैठा था। युवक का कहना था कि उसने पहले पुलिस के पास जाने की सोची, लेकिन डर के मारे उसने अपने मम्मी-पापा को फोन कर दिया और उनसे कहा कि वे मरने से पहले उसे देख लें।

More Stories
रिक्त शैक्षणिक पदों पर भर्ती शीघ्र पूरी करें, पीएम-उषा की राशि का समय-सीमा में करें उपयोग : उच्च शिक्षा मंत्री परमार
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न
विगत दो सप्ताह में साइबर अपराधियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई