October 16, 2026

गुजरात में बिहार के मजदूरों के शोषण पर मौन क्यों है भाजपा व बिहार सरकार- मुख्य प्रवक्ता कांग्रेस डॉ. अजय पासवान

पटना,। गुजरात के झूठे विकास मॉडल के नाम पर पूरे देश में चेहरा चमकाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोल बिहार से एनडीए शासन काल में पलायन को मजबूर बिहारी मजदूरों ने खोलकर रख दी है। उचित वेतन और काम के ज्यादा घंटों की दिनचर्या के खिलाफ गुजरात से दस लाख की संख्या में बिहारी मजदूरों का गांव चलो अभियान का आह्वान ये स्पष्ट करता है कि गुजरात की बाहरी चकाचौंध केवल नरेंद्र मोदी का प्रचार स्टंट था। ये बातें बिहार कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता डॉ.अजय कुमार पासवान ने बयान जारी कर कही है। बिहार कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के चेयरमैन डॉ. अजय पासवान ने कहा कि कमोबेश 20 वर्षों के एनडीए शासन काल में रोजी रोजगार पर काम नहीं करने को बिहार के लोग गुजरात सहित अन्य राज्यों में पलायन को मजबूर हुए हैं और आज उनका विभिन्न राज्यों में फैक्ट्रियों में शोषण हो रहा है और इसकी जिम्मेदार एनडीए सरकार के भाजपा और जदयू प्रमुख रूप से हैं क्योंकि उन्होंने कभी राज्य के लोगों को राज्य में ही नौकरी रोजगार देने की ओर पहल ही नहीं की। आज गुजरात से लाखों मजदूरों का पलायन बिहार में हो रहा है और अब भी भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार राज्य में एहतियातन कोई उनके कल्याण की योजना पर काम नहीं कर रही है कि उन्हें बिहार आने पर यहीं रोजगार मुहैया कराया जा सकें। बिहार से पलायन कर गए लोगों के साथ लगातार भाजपाई राज्यों में शोषण हो रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौन साधे हुए सत्ता की मलाई खाने में मशगूल है। हमारे नेता राहुल गांधी लगातार इसीलिए ये आवाज उठाते रहते हैं कि वोट चोरी से बनी सरकार आपके भविष्य की भी चोरी करेंगी और वें कभी अपने मतदाताओं के भविष्य को लेकर कोई बेहतर कार्य नहीं कर सकते। ये ताजा घटनाक्रम गुजरात के झूठे विकास मॉडल का ढकोसला सबके सामने लाने वाला है और बिहार की सरकार को आगे बढ़कर पलायन कर आने वाले बिहारी भाइयों के लिए उचित रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।