रायपुर : छत्तीसगढ़ में टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी, जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले की 104 ग्राम पंचायतों को वर्ष 2025 के लिए टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में जिला अस्पताल मोहला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों की समय पर पहचान एवं जांच सुनिश्चित करना तथा उपचाररत मरीजों को नियमित उपचार के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यकर्ताओं ने टीबी उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
*ग्राम पंचायत स्तर पर निगरानी और जनभागीदारी से टीबी उन्मूलन को मिलेगी गति*
जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक विकासखंड में अधिकारियों की टीम गठित की गई है। इन टीमों को ग्राम पंचायतों में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी, प्रगति की समीक्षा और आवश्यक सहयोग प्रदान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके माध्यम से टीबी के संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान, जांच, उपचार और जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान में ग्राम पंचायतों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि टीबी के लक्षणों की पहचान, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार पूरा करने के महत्व की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंच सके।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मिला सम्मान*
वर्ष 2025 में जिले की 104 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किए जाने के अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। टीबी उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस पहल से अन्य ग्राम पंचायतों को भी टीबी नियंत्रण एवं उन्मूलन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
*सरपंचों ने ली टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने की शपथ*
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों को टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। उन्होंने अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संभावित मरीजों की पहचान कर समय पर जांच कराने तथा उपचाररत मरीजों को नियमित रूप से दवाइयां लेने और उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर मिथिलेश डोंडे, संयुक्त कलेक्टर समीर गर्ग एवं डिप्टी कलेक्टर रजक ने सहभागिता की। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिनें एवं एनसीसी के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले की 104 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जाना सामुदायिक सहभागिता और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ग्राम पंचायतों की सक्रिय भूमिका, नियमित निगरानी, समय पर जांच और उपचार के माध्यम से टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

More Stories
नगरी में उतरा ‘सेवा संकल्प’ : सांसद भोजराज नाग ने 175 दिव्यांगों को बांटे सहायक उपकरण
बस्तर में जल एवं मृदा संरक्षण की मिसाल बनी कुरमंडी नाले पर निर्मित गेबियन संरचना
भगिनी प्रसूति सहायता योजना बनी मातृत्व सुरक्षा और बच्चों के बेहतर भविष्य का सहारा