महू (इंदौर)। इंदौर के महू से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज हादसा सामने आया है, जहाँ जन्मदिन मनाने निकले तीन दोस्तों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। कालाकुंड रोड पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे तीनों युवक सड़क किनारे गहरी झाड़ियों में जा गिरे। समय पर जानकारी न मिलने और रातभर तलाश न हो पाने के कारण करीब 14 घंटे बाद उनके शव झाड़ियों से बरामद किए गए।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
बुधवार शाम करीब 6 बजे 13 दोस्तों का एक ग्रुप अलग-अलग वाहनों से इंदौर से निकला था। पहले देवगुराड़िया में जन्मदिन मनाने की योजना थी, लेकिन बाद में सभी ने कालाकुंड के जंगली क्षेत्र की तरफ जाने का फैसला किया। वापसी के दौरान कुछ दोस्त आगे निकल गए, जबकि केशव परमार, निशांत परमार और सूरज चौहान एक ही बाइक पर पीछे रह गए। कालाकुंड रोड के एक खतरनाक मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और भीषण टक्कर के बाद तीनों छिटककर झाड़ियों में गिर पड़े।
14 घंटे चली तलाश के बाद मिले शव
जब बाकी दोस्त इंदौर पहुंचे, तब उन्हें तीन साथियों के लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन, दोस्त और पुलिस तुरंत कालाकुंड रोड पहुंचे। जंगल के 5 से 7 किलोमीटर के दायरे में पूरी रात सर्चिंग की गई, लेकिन घना अंधेरा और घनी झाड़ियां होने के कारण रात में उनका पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब दोबारा तलाश शुरू हुई, तब सड़क किनारे झाड़ियों में तीनों के शव मिले। मृतकों की पहचान 13 वर्षीय केशव परमार, 16 वर्षीय निशांत परमार और 17 वर्षीय सूरज चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और इस दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

More Stories
नवरात्रि-दशहरा से पहले फ्लाइट फेयर में उछाल, कई रूट पर किराया 20 हजार पार
सब इंजीनियर समेत कई पदों पर बढ़ेगी भर्ती, 13 अक्टूबर से आवेदन शुरू
बिप्लब देब का संदेश: गुटबाजी छोड़ो, संगठन को मजबूत करो