October 1, 2026

राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों और निवासियों के लिए मुफ्त इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू

नई दिल्ली| राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों, अधिकारियों और वहाँ निवास करने वाले नागरिकों की सुगमता के लिए 'राही' नाम से एक विशेष मुफ्त इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत की गई है। यह पर्यावरण-अनुकूल बस सेवा राष्ट्रपति भवन परिसर को पास के ही केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है। इस पूरी बस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका संचालन पूरी तरह से महिला ड्राइवरों और कंडक्टरों द्वारा किया जा रहा है।

सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की पहल

यह नई परिवहन सेवा राष्ट्रपति भवन परिसर में रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही को बेहद सुरक्षित और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसे विशेष तौर पर महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इन बसों में व्हीलचेयर की भी सुगम व्यवस्था है, जिससे दिव्यांगजनों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने की सराहना और 'मित्र कैफे' का जिक्र

राष्ट्रपति भवन पीएमजी के अधीक्षक सुनीत कुमार ने इस अनूठी पहल की भूरी-भरी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रपति और उच्च अधिकारियों ने यहाँ के रहवासियों की यात्रा से जुड़ी परेशानियों को गहराई से समझा है। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य परिसर के लोगों को आवश्यक सुविधा और कल्याण प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी जरूरत के अनुसार आसानी से यात्रा कर सकें।

सुनील कुमार ने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रपति भवन एस्टेट के भीतर एक 'मित्र कैफे' भी संचालित हो रहा है, जिसे पूरी तरह से दिव्यांगजन ही चलाते हैं। इस बस सेवा को भी दिव्यांग जनों के अनुकूल बनाया गया है, जिससे उन्हें सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन तक आने-जाने में बहुत अधिक सहूलियत मिल रही है।

परिवहन को आसान बनाने की दिशा में अहम कदम

इस निःशुल्क इलेक्ट्रिक बस सेवा का मुख्य उद्देश्य एस्टेट के सभी निवासियों और कर्मचारियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मुहैया कराना है। यह सेवा उन्हें मेट्रो स्टेशन तक पहुँचने में तो मदद करती ही है, साथ ही महिलाओं और बच्चों समेत सभी वर्गों के लिए सफर को पूरी तरह से सुरक्षित बनाती है। यह सराहनीय पहल लोगों के दैनिक जीवन को सरल और सुगम बनाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।