इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर के दो अलग-अलग इलाकों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर अचानक दबिश देकर गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गईं, जिसके बाद दोनों स्थानों पर खाद्य पदार्थों के निर्माण और सप्लाई के कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
रोमियो लेन के किचन में मिलीं गंभीर अनियमितताएं
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पहली कार्रवाई एबी रोड स्थित निपानिया क्षेत्र में हाई स्ट्रीट अपोलो स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी यानी 'रोमियो लेन' के किचन पर की। निरीक्षण के दौरान होटल के जनरल मैनेजर अमोघ शरण मौजूद मिले। जांच में सामने आया कि किचन के फ्रीजर के अंदर शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्रियों को एक साथ रखा गया था, जो खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का खुला उल्लंघन है। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की उचित टैगिंग भी नहीं की गई थी।
कीटग्रस्त सामग्री नष्ट और लिए गए नमूने
जांच-पड़ताल के दौरान किचन में रखी खसखस और मशरूम पुराने तथा कीटों से ग्रसित पाए गए, जिन्हें टीम ने तुरंत मौके पर ही नष्ट करवा दिया। परिसर में पानी की जांच रिपोर्ट और काम करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी नहीं मिले। अनियमितताओं के बीच टीम ने पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया और ग्लास वर्मीसेली के पांच संदिग्ध नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे हैं। साथ ही, प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस समाप्त पाए जाने पर खाद्य निर्माण कार्य को पूरी तरह बंद करा दिया गया।
बिना लाइसेंस चल रहे मोमोज सेंटर पर कार्रवाई
दूसरी बड़ी कार्रवाई खातीवाला टैंक की बैराठी कॉलोनी स्थित 'गोस्वामी मोमोज' पर की गई। एक शिकायत के आधार पर पहुंची टीम ने पाया कि संचालक पंकज गिरी बिना किसी वैध खाद्य लाइसेंस के बड़े पैमाने पर मोमोज का निर्माण कर रहे थे। यहां तैयार किए जाने वाले मोमोज को न सिर्फ खुद बेचा जा रहा था, बल्कि शहर के अन्य दुकानदारों को भी सप्लाई किए जा रहे थे।
भारी गंदगी के बीच हो रहा था खाद्य निर्माण
निरीक्षण के दौरान मोमोज निर्माण कक्ष के बाहर और पिछले हिस्से (बैक लाइन) में भारी गंदगी और कचरा फैला हुआ मिला। संचालक मौके पर कोई भी जरूरी कानूनी दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। हालात की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत मोमोज का निर्माण कार्य रुकवाया और मौके से पनीर मोमोज तथा चीज मोमोज के सैंपल लेकर जांच हेतु भेज दिए हैं।

More Stories
राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद बड़ा सवाल, क्या आरोपी घर उड़ाने की भी रच रहा था साजिश?
सागर के अंकित पटेल हत्याकांड में नया मोड़, पत्नी भी मामले में आरोपित
शहर में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस सख्त, भड़काऊ रील बनाने वालों पर एक्शन