September 26, 2026

खदान के तालाब में नहाने गए दो किशोर डूबे, 5 घंटे की मशक्कत के बाद मिले शव

खण्डवा। खण्डवा के नाहल्दा क्षेत्र स्थित खदान के एक तालाब में नहाने के दौरान डूबे दो किशोरों के शव होमगार्ड्स और एसडीईआरएफ (SDRF) की टीम ने करीब पांच घंटे के कड़े संघर्ष के बाद बरामद कर लिए हैं। जिला प्रशासन के समन्वय से चलाए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन में दोनों किशोरों के शव सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

पांच घंटे चला चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलने पर जिला कमांडेंट होमगार्ड्स एवं एसडीईआरएफ आशीष कुमार कुशवाहा के प्रत्यक्ष नेतृत्व में लगभग 15 सदस्यीय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मोटर बोट और आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ शाम करीब 5 बजे मौके पर पहुंची। खदान के पानी की गहराई 40 से 50 फीट होने और भीतर विभिन्न अवरोध होने के कारण यह सर्च ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। सिविल डिफेंस के गोताखोरों ने डीप डाइविंग की मदद से लगातार तलाश जारी रखी।

मृतकों की पहचान और प्रशासनिक कार्रवाई

सर्चिंग के दौरान रेस्क्यू टीम ने लक्षित पाठक (15 वर्ष) पुत्र मिंटू पाठक और विश्वास पाठक (17 वर्ष), दोनों निवासी नाहल्दा, खंडवा के शव बरामद किए। सभी शवों को पुलिस को सौंपकर आगे की वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

कलेक्टर का बयान और सहायता का आश्वासन

घटना पर दुख जताते हुए खण्डवा कलेक्टर ने बताया कि यह हादसा नाहल्दा ग्राम पंचायत के एक गहरे और अप्रयुक्त तालाब में हुआ, जहां बच्चे भूलवश चले गए थे। उन्होंने बताया कि होमगार्ड, एसडीआरएफ और ओंकारेश्वर से बुलाई गई विशेष टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे और आरबीसी 6-4 के तहत पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।