बीकानेर। हनुमानगढ़ के निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल की 23 साल पुराने कथित फर्जी पट्टा मामले में गिरफ्तारी के बाद अब उनकी मुश्किलें और बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विधायक और उनके परिजनों से जुड़े 58 से अधिक पुराने मामलों की फाइलें दोबारा खोल दी गई हैं। इसके अलावा, जांच एजेंसियों के हाथ उनकी 57 संदिग्ध बेनामी संपत्तियों की एक लंबी सूची भी लगी है, जिनकी शुरुआती बाजार कीमत 700 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है।
पुराने मामलों की दोबारा पड़ताल शुरू
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2018 से 2022 के बीच अमृतलाल सिंगला की तरफ से कई मामले दर्ज कराए गए थे, जिनमें पूर्व में पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट (FR) लगाकर फाइलें बंद कर दी थीं। अब फर्जी पट्टे के मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस और राज्य अपराध शाखा की विशेष टीम ने इन सभी मामलों को रि-ओपन कर दिया है। आरोप है कि पिछली जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी गवाहों के बयानों के आधार पर कार्रवाई बंद की थी। साथ ही, विधायक के बेटे—जो आयकर विभाग में अधिकारी बताए जाते हैं—के दुराचरण के संबंध में भी पुलिस ने उनके विभाग के चीफ कमिश्नर को रिपोर्ट भेजी है।
700 करोड़ से अधिक की 57 बेनामी संपत्तियां रडार पर
पुलिस के पास विधायक गणेशराज बंसल से जुड़ी 57 बेनामी संपत्तियों की आधिकारिक सूची पहुंच चुकी है। इनमें से अधिकांश संपत्तियां बीकानेर और हनुमानगढ़ क्षेत्र में स्थित हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये संपत्तियां उनके रिश्तेदारों और करीबी परिचितों के नाम पर खरीदी गई हैं। इन संपत्तियों का संकलन कर पूरी जानकारी प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भेज दी गई है, जिससे अब इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी की एंट्री भी तय मानी जा रही है।
लंबित मामलों और एसआईटी जांच पर सवाल
इसके अलावा, वर्ष 2025 से अब तक सीजेएम न्यायालय की तरफ से विधायक, उनकी पत्नी संतोष और अन्य के खिलाफ जांच के लिए 13 परिवाद पुलिस को भेजे गए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इन सभी मामलों की जांच एसआई स्तर के एक ही अधिकारी को सौंपी गई थी, लेकिन डेढ़ साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी एक रिपोर्ट अदालत में पेश नहीं की गई है।
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विधायक और उनके परिजनों के खिलाफ दर्ज 58 से ज्यादा पुराने मामलों में से कुछ को फिर से खोला गया है। राज्य अपराध शाखा की विशेष टीम इन सभी मामलों की गहराई से जांच कर रही है और बेनामी संपत्तियों का भी पूरा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

More Stories
आनंद पर्वत में किशोर की हत्या, पुलिस ने सात घंटे में तीन आरोपियों को पकड़ा
जयपुर में कार शोरूम बना आग का गोला, कई लग्जरी कारें और एसेसरीज जलकर राख
आकाश आनंद के बाद ईशान की बारी? मायावती आज लेंगी संगठन पर बड़ा फैसला