सागर। मध्य प्रदेश के चर्चित सागर जहरीली शराब कांड में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत का मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात शॉर्ट एनकाउंटर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनीष लोधी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
आशीष साहू भी हुआ घायल, पुलिस पर की थी फायरिंग
पुलिस लंबे समय से मुख्य आरोपी मनीष लोधी और आशीष साहू की तलाश में जुटी हुई थी। यह मुठभेड़ मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया सेसई रोड घाटी पर हुई। पुलिस को देख आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिससे मनीष लोधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के दौरान भागने का प्रयास कर रहा दूसरा आरोपी आशीष साहू भी घायल हो गया है।
हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टे, 5 राउंड जिंदा कारतूस और एक बेसबॉल बैट बरामद किया है। दोनों घायल आरोपियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मौके पर साक्ष्य जुटाने और अन्य कानूनी कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
अब तक 34 आरोपी गिरफ्तार
इससे पहले पुलिस ने अन्य आरोपी रवि लखेरा और शिवांजय को भी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। गौरतलब है कि सागर जिले की बंडा और शाहगढ़ तहसीलों में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक न्यायिक जांच आयोग का गठन किया गया है। इस सनसनीखेज मामले में कुल 52 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से अब तक 34 आरोपियों को पुलिस सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।
हाईकोर्ट में सरकार ने दी मुआवजे की जानकारी
इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई है, जहां राज्य सरकार ने अपना जवाब पेश किया। सरकार ने कोर्ट को बताया कि जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है और सरकार ने इस संबंध में 7 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत जवाब दाखिल किया है।

More Stories
इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज T20 की तैयारियां तेज, मैदान पर बनेगा चेक्स पैटर्न; 25 सितंबर से बुकिंग
स्टार्टअप संचालकों से सीधे संवाद करेंगे CM मोहन यादव, भोपाल में जुटेंगे करीब 200 युवा उद्यमी
खंडवा में विसर्जन चल समारोह पर पुलिस की पैनी नजर, बॉडी वॉर्न कैमरे से होगी रिकॉर्डिंग