नवा रायपुर। नवा रायपुर में 22 सितंबर को 'तीज मिलन उत्सव' का गरिमामय आयोजन किया जा रहा है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा की मेजबानी में यह सांस्कृतिक उत्सव एम-12, सेक्टर-24 स्थित शासकीय आवास परिसर में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़िया अस्मिता एवं पारंपरिक तीज-त्योहारों के संरक्षण तथा संवर्धन की दिशा में आयोजित इस विशेष समागम में प्रदेश की शीर्ष हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी वीणा सिंह के साथ तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ सम्मिलित होंगे। इसके अतिरिक्त राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी इस सांस्कृतिक समागम के साक्षी बनेंगे।
पारंपरिक संस्कृति एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक
आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल धार्मिक या सांस्कृतिक अनुष्ठान मात्र नहीं हैं, अपितु ये पारस्परिक भाईचारे, स्नेह और सामाजिक सौहार्द की सुदृढ़ नींव हैं। इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासतों को साझा करना तथा भावी पीढ़ी को अपनी लोक-संस्कृति की जड़ों से जोड़े रखना है।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों एवं लोक-संस्कृति का अनूठा संगम
उत्सव के दौरान राज्य के पारंपरिक व्यंजनों, लोक-संस्कृति की विविध प्रस्तुतियों एवं तीजा पर्व से जुड़े आत्मीय अनुष्ठानों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। संपूर्ण आयोजन को पारंपरिक एवं सांस्कृतिक परिवेश में संपन्न कराने की व्यापक तैयारियां की गई हैं।

More Stories
जिला अस्पताल में प्रसव के बाद महिला और नवजात की मौत, जांच की मांग
झूठे दुष्कर्म केस की साजिश का पर्दाफाश, तीन आरोपियों पर केस दर्ज
सर्पदंश घोटाला मामले में शिवकुमारी साहू को राहत, हाई कोर्ट ने दी जमानत