September 22, 2026

सेवा संकल्प अभियान: सेवा और सुशासन से बदली ग्रामीणों की जिंदगी

रायपुर :  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले के ग्राम पंचायत गुजरा में जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीणों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी सामने आई है। घर-घर नल पहुंचने से ग्रामीणों को वर्षों से चली आ रही पेयजल की परेशानी से राहत मिली है।

गरियाबंद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत गुजरा में जल जीवन मिशन के अंतर्गत रेट्रोफिटिंग नलजल प्रदाय योजना के माध्यम से ग्रामीणों को घर-घर नल से शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस गॉव में लगभग 260 घर हैं और करीब 700 की आबादी निवास करती है। गांव को 28 दिसंबर 2023 को ‘हर घर जल’ घोषित किया गया। योजना के तहत गांव में 40 किलोलीटर क्षमता की पानी टंकी 12 मीटर की ऊंचाई पर स्थापित की गई है। जल एवं स्वच्छता समिति का गठन कर ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छता और नलजल व्यवस्था के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही गांव के ही एक व्यक्ति को ‘नल जल मित्र’ के रूप में पंप संचालन का प्रशिक्षण दिया गया है। जिससे स्थानीय स्तर पर जल व्यवस्था के संचालन और रख-रखाव में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है।

नल कनेक्शन मिलने से पहले ग्रामीणों को सार्वजनिक हैंडपंप से पानी लाना पड़ता था। वार्ड क्रमांक 08 की श्रीमती भूमिका यादव ने बताया कि पहले अपने घर की जरूरत के लिए पानी भरने में प्रतिदिन करीब दो घंटे का समय लग जाता था। पानी से भरी बाल्टियां लेकर घर तक पहुंचना विशेषकर महिलाओं के लिए काफी मेहनत का कार्य था। अब घर में नल से पानी मिलने के कारण यह परेशानी काफी कम हो गई है। श्रीमती भूमिका यादव ने बताया कि घर पर पानी उपलब्ध होने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। अब महिलाओं को पानी लाने के लिए बार-बार घर से बाहर नहीं जाना पड़ता। घर में पानी उपलब्ध होने से साफ-सफाई में भी सुविधा हुई है।

रामलाल पैंकरा ने बताया कि घर में नल से पानी मिलने के बाद पानी का उपयोग पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। उपयोग के बाद बचने वाले पानी का इस्तेमाल उनके परिवार द्वारा साग-भाजी उगाने में करते है। इससे पेयजल की सुविधा के साथ पानी के सदुपयोग भी होती है। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीणों को केवल नल कनेक्शन ही नहीं मिला, बल्कि पानी के लिए होने वाली रोजमर्रा की भागदौड़ से राहत, समय की बचत, स्वच्छता में सुविधा और बेहतर जीवन की नई राह मिली है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ऐसी सफल कहानियां जनभागीदारी और सुशासन के महत्व को और मजबूत कर रही हैं।