September 21, 2026

IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामला: संस्थान ने मांगी माफी, प्रोफेसर डूला पर कार्रवाई

मुंबई। बॉम्बे आईआईटी में 22 वर्षीय छात्र साहिल रवींद्र वाकोडे की आत्महत्या के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस संवेदनशील मामले में संस्थान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कड़े कदम उठाए हैं और अपनी पिछली बयानों पर खेद भी जताया है।

आईआईटी बॉम्बे प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

घटना के बाद बढ़ते तनाव और छात्रों के आक्रोश को देखते हुए आईआईटी बॉम्बे के निदेशक शिरीष बी. केदारे ने बड़ा फैसला लिया है। संस्थान ने छात्र मामलों के डीन (डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स) प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, संस्थान ने साहिल की मौत से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर पहले साझा की गई जानकारी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।

क्या है पूरा घटनाक्रम?

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले साहिल वाकोडे आईआईटी बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक दूसरे वर्ष के छात्र थे। शुक्रवार की शाम उनका शव पवई स्थित कैंपस के हॉस्टल के कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ मिला।शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुखद कदम उठाने से कुछ घंटे पहले ही साहिल को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर नकल करते हुए पकड़ा गया था। आरोप था कि परीक्षा के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया और प्रश्न पत्र को चैटजीपीटी (ChatGPT) पर अपलोड किया था। इस घटना के बाद से ही छात्र सदमे और तनाव में थे, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।