September 21, 2026

‘नाम में फर्क है, इंसान वही हूं’, दिल्ली SIR में दस्तावेज जुटा रहे वोटर

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत रविवार को लगाए गए विशेष कैंपों में मतदाताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मतदाता सूचियों में मौजूद नाम की मामूली स्पेलिंग की गलतियों, पते के अंतर और बूथ बदलने जैसी छोटी-छोटी तकनीकी गड़बड़ियों को ठीक कराने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दस्तावेजों के साथ बीएलओ के चक्कर काटते दिखे लोग

सदर बाजार के एक पोलिंग स्टेशन पर दस्तावेजों की फाइल हाथ में लिए एक वोटर बीएलओ को यह समझाते नजर आया कि "मैं वही हूं… बस नाम में थोड़ा फर्क है।" इसी तरह तुर्कमान गेट इलाके में कोई अपनी शादी के बाद बदले हुए नाम को साबित करने के लिए जरूरी कागजात जुटा रहा था, तो पहाड़गंज में नाम की स्पेलिंग की गलती और अचानक बदले हुए मतदान केंद्र (बूथ) ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।

सर्वर डाउन होने से बढ़ा लोगों का इंतजार

रविवार को लगे इस विशेष कैंप के दौरान कई जगहों पर सर्वर डाउन रहने की समस्या भी सामने आई। तकनीकी खामी और धीमे इंटरनेट की वजह से ऑनलाइन सुधार और आवेदन की प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिससे कैंपों में पहुंचे लोगों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। सूची की इन छोटी-लगने वाली गड़बड़ियों ने आम नागरिकों के लिए बड़ी चिंता पैदा कर दी है।