पुणे। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस के हाथ एक ऐसा सुराग लगा है, जिसने मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी के रिश्तों को लेकर एक नया और बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि क्या दोनों ने दिसंबर 2025 में राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में अपने परिवारों से छिपकर शादी कर ली थी। हालांकि, पुलिस को अभी तक मंदिर से शादी का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड या सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है, लेकिन दोनों की फूलों की माला पहने एक तस्वीर जरूर सामने आई है।
मोबाइल चैट से हुआ राजस्थान कनेक्शन का खुलासा
पुणे ग्रामीण पुलिस द्वारा सिया और चेतन के मोबाइल फोन की चैट और कॉल्स का विश्लेषण करने पर इस कथित शादी का सुराग मिला था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों के बीच हुई बातचीत से यह संकेत मिलते हैं कि उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर यह कदम उठाया हो सकता है। इसी एंगल की पुष्टि के लिए पुलिस की एक टीम पिछले दिनों राजस्थान भी गई थी, जहां खाटू श्याम मंदिर में विवाह से जुड़े दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन वहां आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि करने वाला कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
दिसंबर की यात्रा और केतन से सगाई
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सिया और चेतन अक्टूबर 2025 के दौरान एक-दूसरे के करीब आए थे, और चूंकि दोनों के परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे, इसलिए दिसंबर में वे कुछ दोस्तों के साथ राजस्थान गए थे। शुरुआत में फ्लाइट से जाने की योजना थी, लेकिन फ्लाइट रद्द होने पर दोनों ट्रेन से राजस्थान गए और लौटे थे।
इस बीच, सिया के परिवार ने उसकी शादी केतन अग्रवाल के साथ तय कर दी और 19 फरवरी 2026 को दोनों की सगाई हो गई थी। उनकी शादी नवंबर महीने में राजस्थान के उदयपुर में होनी तय थी। हालांकि, आरोप है कि सगाई के बाद भी सिया और चेतन के संबंध बने रहे और इसी साजिश के तहत केतन अग्रवाल की हत्या को अंजाम दिया गया।
तस्वीर बनी जांच का अहम केंद्र
जांचकर्ताओं को जो तस्वीर मिली है, उसमें सिया और चेतन फूलों की माला पहने नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इस फोटो को केस की चार्जशीट का भी हिस्सा बनाया है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह तस्वीर किस अवसर की है और यदि यह शादी की है, तो मंदिर का आधिकारिक रिकॉर्ड क्यों नहीं मिल पाया। पुलिस इस कड़ी को जोड़कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

More Stories
बंगाल में वोटर लिस्ट की अपीलों का अंबार, 37 लाख मामलों पर फैसले में 12 साल का अनुमान
सिर्फ ₹10 के छुट्टे के लिए खूनी विवाद, ऑटो ड्राइवर ने पत्नी-बच्चों के सामने दम तोड़ा
25 साल पुरानी दुश्मनी में खूनी बदला, पिता के कातिल को बेटे ने मार डाला; 12 पकड़े