मोगा। पंजाब के मोगा जिले की निहाल सिंह वाला थाना पुलिस ने एक भीषण आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए पांच बदमाशों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार राइफलें, चार पिस्टल, 106 कारतूस, आठ मैगजीन तथा दो लग्जरी गाड़ियां (फोर्ड एंडेवर और महिंद्रा स्कॉर्पियो) जब्त की हैं। इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी नामजद किया गया है।
गैंगवार की मिली थी गुप्त सूचना
एसपी (डी) अजय राज ने जानकारी दी कि थाना प्रभारी रंजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। देर रात करीब 11:50 बजे गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दाना मंडी के मुख्य चौराहे के पास दो विरोधी गुटों के हथियारबंद लोग आपसी रंजिश के कारण भिड़ने वाले हैं और वहां गैंगवार की स्थिति बन सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी।
मौके से पांच आरोपी गिरफ्तार, बड़ा जखीरा बरामद
पुलिस ने घटनास्थल पर छापेमारी कर पांच लोगों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में मनिंदर सिंह (रूपनगर), गुरविंदर सिंह (पटियाला), गुरप्रीत सिंह उर्फ पीता (संगरूर), अमरिंदर सिंह (पटियाला) तथा पंजाबी गायक सतवंत सिंह उर्फ गिल मानूके (मानूके गिल निवासी) शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार सह-आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।
सोशल मीडिया विवाद से बढ़ी थी रंजिश
जांच में सामने आया है कि पंजाबी गायक गिल मानूके और मनिंदर सिंह के बीच विगत एक वर्ष से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहसबाजी हुई थी। इसके बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे को देख लेने की चुनौती देते हुए एक निश्चित स्थान पर जमावड़ा लगाया था और दोनों पक्ष बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्तों को अदालत में प्रस्तुत कर दो दिनों की पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस हथियारों की आपूर्ति के मुख्य स्रोतों, संभावित ठिकानों और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

More Stories
गुजरात के अहमदाबाद में बारिश का कहर, सड़कें बनीं तालाब; कई इलाकों में पानी भरा
महर्षि दाधीचि जयंती की पूर्व संध्या पर अनूठी पहल
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करें — मुख्य सचिव