September 18, 2026

गांवों की बिजली योजना को चोरों का झटका, नई लाइन के तार उड़ाने वाले गिरफ्तार

जबलपुर। चरगवां थाना पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिछाई जा रही नई 33 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम तार चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता पाई है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो प्रमुख आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि गिरोह के पांच अन्य सदस्य अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

छह किलोमीटर लंबी नई विद्युत लाइन के तार काटकर उड़ाए

मामले का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने जानकारी दी कि पनागर निवासी चंदन पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में बताया कि ग्राम नया नगर से दपकिया के मध्य ग्रामीण जलापूर्ति के लिए 33 केवी की नई एल्युमिनियम बिजली लाइन बिछाई गई थी। शातिर चोरों ने रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर लगभग छह किलोमीटर लंबे तार काटकर चोरी कर लिए, जिससे कई गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू करने का कार्य ठप हो गया।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से खुला राज

चोरी की गंभीर शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने मौका-मुआयना कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि चरगवां के अलावा दामन खमरिया और बरगी थाना क्षेत्रों में भी इसी तर्ज पर तार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सिवनी निवासी भूपेंद्र ठाकुर और मंडला निवासी महफूज मंसूरी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए पूरे नेटवर्क की जानकारी दी।

कार से रेकी के बाद कटर और सीढ़ी से देते थे वारदात को अंजाम

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गिरोह के सदस्य पहले लग्जरी कार से उन सुनसान इलाकों की रेकी करते थे जहां रात में लोगों की आवाजाही न के बराबर होती थी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कटर, मजबूत रस्सियों और सीढ़ी का इस्तेमाल कर कुछ ही घंटों में बिजली के तारों को काटकर गा गाड़ियों में लाद लेते थे।

लाखों मूल्य के एल्युमिनियम तार, वाहन व उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो-तीन सितंबर और 28 अगस्त की दरमियानी रातों में चरगवां और बरगी क्षेत्रों से चुराए गए कुल 23 बंडल एल्युमिनियम तार बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त इनोवा कार, दो वायर कटर, रस्सियां और सीढ़ी भी जब्त की गई है। पुलिस अब फरार चल रहे पांच अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।