भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई की आहट के बीच मौसम विभाग ने प्रदेशभर में एक बार फिर से वर्षा का नया दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। 17 से 21 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग अंचलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।
इसी बीच 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के क्षेत्रों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनती दिख रही हैं।
पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश के प्रमुख जिलों में मध्यम से भारी वर्षा का अनुमान
सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल और डिंडोरी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। इसके अतिरिक्त राजधानी भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
इंदौर और उज्जैन संभाग में गरज-चमक के साथ छिटपुट बौछारें
मालवा-निमाड़ अंचल के राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर और नीमच जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी
वर्षा के दौरान कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। खराब मौसम के दौरान नागरिकों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
अरब सागर और अंडमान में बने नए तंत्र से बढ़ेगी नमी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सौराष्ट्र और उत्तर-पूर्वी अरब सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती हवाओं का घेरा उत्तर अंडमान सागर की ओर बढ़ रहा है। 19 सितंबर तक इसके प्रभाव से नया निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है, जो अगले तीन से चार दिनों में ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ते हुए मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा।
विगत 24 घंटों में विभिन्न संभागों में दर्ज हुई वर्षा
बीते 24 घंटों के दौरान रीवा संभाग के कई हिस्सों के अलावा शहडोल, सागर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान हटपिपल्या में सर्वाधिक 45 मिमी, रहटगढ़ में 29.4 मिमी और सतना में 25.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

More Stories
पीएम मोदी के बर्थडे पर रोशन हुआ विदिशा, 39 वार्डों में जलाए गए 21 हजार दीप
मध्य प्रदेश में मंत्रियों से मुलाकात के लिए नया नियम, बिना अनुमति नहीं होगी एंट्री
गांवों की बिजली योजना को चोरों का झटका, नई लाइन के तार उड़ाने वाले गिरफ्तार