September 15, 2026

कार में हथियार लहराकर बनाया वीडियो, पिस्टल-चाकू के साथ आरोपी पकड़े गए

जबलपुर। चलती कार में चाकू और पिस्टल चमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू और नकली पिस्टल जब्त कर ली है।

कार नंबर के आधार पर हुई आरोपी की पहचान

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के अनुसार, युवक द्वारा चलती कार में किए गए शस्त्र प्रदर्शन में उपयोग लाई गई कार के नंबर के आधार पर पतासाजी कर कार मालिक से संपर्क किया गया। कार मालिक ने वीडियो-रील में दिख रहे युवक की पहचान अपने बेटे के दोस्त अमन सचदेवा, निवासी आलोक नगर के रूप में की।

पुलिस दबिश और बरामदगी

पुलिस टीम ने अधारताल मेन रोड पर दबिश देकर अमन सचदेवा को अपनी अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने दोस्त की कार चला रहा था और उसने वीडियो-रील में दिवाली पर पटाखे फोड़ने वाली नकली पिस्तौल का प्रदर्शन किया था। इसके अलावा, उसने एक राहगीर से बारह सौ रुपए में बटनदार धारदार चाकू खरीदना भी स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रील में प्रयुक्त बटनदार चाकू और नकली पिस्तौल जब्त कर ली है तथा उसके विरुद्ध धारा पच्चीस आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।