मुजफ्फरपुर। जिला पुलिस और बिहार एसटीएफ के संयुक्त अभियान के तहत वाहन चेकिंग के दौरान हथियारों और कारतूसों के साथ तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस के हाथ एक कुख्यात अपराधी भी लगा है जिस पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
स्कॉर्पियो वाहन से हथियार और कारतूस बरामद
बोचहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर के पास पुलिस विशेष वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए। वाहन में सवार तीनों संदिग्धों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान रौशन सिंह (साहेबगंज थाना क्षेत्र), मुकुंद प्रियम (काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र) और श्रीराम कुमार (रामपुर हरि थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।
कुख्यात रौशन सिंह पर तीन जिलों में दर्ज हैं कई मामले
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों में रौशन सिंह एक कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सारण जिलों में डकैती, आर्म्स एक्ट, दंगा, हत्या के प्रयास और लूटपाट जैसे सात से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पूर्वी चंपारण के केसरिया और सारण के सोनपुर थाने में भी वांछित रहा है।
किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी फिराक में
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये बदमाश किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने समय रहते घेराबंदी कर इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने इनके पास से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त कर ली है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है और उनके गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

More Stories
जिम ट्रेनर की हत्या में सनसनीखेज खुलासा, तीन हत्याओं से जुड़ा कनेक्शन आया सामने
डूसू चुनाव: NSUI ने जारी किया घोषणापत्र, चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम खत्म करने की मांग
तेजस राजधानी में गांजे की तस्करी, गयाजी स्टेशन पर 15.8 किलो के साथ महिला गिरफ्तार