September 9, 2026

दूदू में मतदान के बीच भिड़े दो पक्ष, लात-घूंसों से हुआ हंगामा; मौके पर तनाव

जयपुर। राजस्थान के 162 नगरीय निकायों में मतदान के दौरान प्रदेश के कई जिलों से विवाद, हाथापाई और हंगामे की खबरें सामने आई हैं। दूदू में फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जबकि अलवर में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों पर हमला कर सिर फोड़ दिया गया। इसके अतिरिक्त झुंझुनूं, सीकर, बाड़मेर, जोधपुर और जालोर के विभिन्न पोलिंग बूथों पर भी भारी तनाव और झड़प की स्थिति बनी रही, जिसे शांत कराने के लिए पुलिस को मुस्तैद होना पड़ा।

दूदू में फर्जी वोटिंग को लेकर मारपीट, 6 लोग हिरासत में

दूदू के बिंजोलाव गांव में वार्ड संख्या एक के बूथ पर निर्दलीय प्रत्याशी और कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थकों के बीच फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाते हुए 6 लोगों को हिरासत में लिया। इस घटना के बाद राजनीतिक दलों द्वारा लाठीचार्ज और पुलिस प्रशासन पर निष्पक्षता को लेकर आरोप भी लगाए गए।

सीकर में भाजपा नेता पर हमला, झुंझुनूं में 3 युवक हिरासत में

सीकर के लक्ष्मणगढ़ में मतदाताओं को पोलिंग बूथ लाते समय भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा पर निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों ने हमला कर दिया, जिसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उधर, झुंझुनूं के नोबल पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र के बाहर हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 3 युवकों को हिरासत में लिया।

अलवर में सिर फोड़ा, जालोर में फर्जी वोटिंग पर मारपीट

अलवर के वार्ड 43 में बीजेपी प्रत्याशी और उनके बेटों पर निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों के साथ मारपीट का आरोप लगा, जिसमें गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और एक युवक के सिर में 15 टांके आए। वहीं, जालोर के वार्ड 34 में दूसरे के नाम पर फर्जी वोट डालकर निकल रहे एक युवक को प्रत्याशियों के समर्थकों ने पकड़कर धुन दिया, जिस संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

बाड़मेर और जोधपुर में भी हुआ विवाद

बाड़मेर के वार्ड नंबर 13 में पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल ले जाने को लेकर धक्का-मुक्की हो गई, जिसे पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया। उधर, जोधपुर के बालेसर दुर्गावता में वार्ड 23 और 25 के मतदान केंद्रों पर दो पक्षों में हुई झड़प के बाद पुलिस ने दोनों गुटों को बूथ परिसर से बाहर खदेड़ा।