September 9, 2026

कुलदीप बिश्नोई समर्थक चेयरमैन पर गंभीर आरोप, कर्मचारियों ने खोला मोर्चा

आदमपुर। पूर्व सांसद के समर्थक और मार्केट कमेटी के चेयरमैन ठाकर दत्त पंवार पर कमेटी के कर्मचारियों ने गाली-गलौज, दुर्व्यवहार और हाथापाई करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों ने इस संबंध में सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

कर्मचारियों का आरोप है कि चेयरमैन अक्सर अपने दफ़्तर में बुलाकर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इससे पहले भी उनके खिलाफ शिकायतें दी गई थीं, लेकिन व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

कार्यालय में मारपीट और धमकी देने का आरोप

कर्मचारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सुबह कार्यालय पहुंचते ही चेयरमैन ने एक कर्मचारी मुकेश कुमार के साथ सबके सामने दुर्व्यवहार किया और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारी को जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकियां भी दी गईं।

कर्मचारियों के बीच भय और तनाव का माहौल

घटना के बाद से परिसर में दहशत व्याप्त है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार बन रहे मानसिक दबाव और डर के माहौल में काम करना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने आशंका जताई है कि ऐसी घटनाएं अन्य कर्मियों के साथ भी हो सकती हैं। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस थाने में भी दर्ज कराई गई है और प्रशासनिक अधिकारियों से जांच की मांग की मांग की गई है।

चेयरमैन ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी तरफ, चेयरमैन ठाकर दत्त पंवार ने सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने खुद संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, क्योंकि उसने उनके प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था। चेयरमैन ने दावा किया कि कुछ कर्मचारी अनुचित वसूली में लिप्त हैं और कार्रवाई से बचने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।