रायपुर: चीनी सहित आवश्यक खाद्य वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों और कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ निर्णायक मोर्चा खोल दिया है। ऐतिहासिक 'नमक सत्याग्रह' की तर्ज पर पार्टी आज पूरे छत्तीसगढ़ में 'चीनी सत्याग्रह' आयोजित करने जा रही है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बढ़ती महंगाई और शक्कर के दामों में बढ़ोतरी के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगे।
राजीव गांधी चौक समेत प्रमुख स्थलों पर जुटेंगे कार्यकर्ता
इस राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के अंतर्गत राजधानी रायपुर, बिलासपुर सहित प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता महापुरुषों की प्रतिमाओं के समक्ष एकत्र होंगे। राजधानी रायपुर में राजीव गांधी चौक पर मुख्य प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जहां केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जन-आक्रोश व्यक्त किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जारी किया आधिकारिक पत्र

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि निरंतर बढ़ती महंगाई की सबसे भीषण मार गरीब, मध्यमवर्गीय और श्रमिक परिवारों पर पड़ रही है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि के साथ ही बाजार में चीनी की कृत्रिम किल्लत और कालाबाजारी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे आम जनता का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
सभी इकाइयों और वरिष्ठ नेताओं को सक्रिय रहने के निर्देश
पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि आम जनमानस से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर चीनी को प्रतीकात्मक माध्यम बनाकर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां, अग्रिम संगठन, विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेताओं समेत सभी स्तर के कार्यकर्ताओं को इस 'चीनी सत्याग्रह' में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा गया है।

More Stories
बिलासपुर में हत्या का चौंकाने वाला मामला, पानी पड़ने से नाराज नाबालिग ने की वारदात
IPS अफसरों के प्रमोशन की तैयारी, राज्य के 3 अधिकारियों को बनाया जाएगा DG
हाईकोर्ट ने शासन को दी आखिरी मोहलत? IPS डांगी केस में एक सप्ताह का समय