करनाल| उत्तर प्रदेश के शामली में हुए प्रसिद्ध हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में जांच आगे बढ़ते ही हरियाणा के करनाल निवासी दो युवकों के नाम मुख्य शूटरों के रूप में सामने आए हैं। अंसल सिटी के निवासी सत्यम कादियान और कलंदरी गेट के आर्यन संधू की उम्र 20 वर्ष से कम बताई जा रही है। घटना में संलिप्तता का खुलासा होते ही दोनों आरोपी अपने परिजनों समेत घरों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं। यूपी पुलिस और करनाल एसटीएफ की संयुक्त टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और परिवार से जुड़ी जानकारी
एसटीएफ प्रभारी दीपेंद्र राणा ने बताया कि दोनों आरोपियों पर पहले से सोनीपत के एक शराब ठेके पर अंधाधुंध गोलीबारी करने का मुकदमा दर्ज है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, सत्यम कादियान एक संपन्न कारोबारी परिवार से आता है, जिसके पास लगभग 150 एकड़ कृषि भूमि है और वह परिवार का इकलौता बेटा है। वहीं, दूसरा आरोपी आर्यन संधू 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है और पिछले कुछ वर्षों से सत्यम का साथी रहा है।
महंगी गाड़ियों का शौक और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील्स
स्थानीय लोगों के अनुसार, सत्यम को महंगी व मॉडिफाइड गाड़ियों का शौक था और वह अक्सर गाड़ियां बदलता रहता था। सोशल मीडिया पर उसके हथियारों के साथ वीडियो और रील्स भी सामने आए हैं। पुलिस अब उसके डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और उसके संपर्क में रहे अन्य संदिग्ध युवकों की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।
एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं सोनीपत के दो शूटर
उल्लेखनीय है कि अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो अन्य मुख्य आरोपी—सोनीपत निवासी सुमित (22) और मोहित (24)—उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पहले ही ढेर किए जा चुके हैं। अब पुलिस करनाल के इन दोनों फरार शूटरों को शिकंजे में लेने के लिए रिश्तेदारों और करीबियों से पूछताछ कर रही है।

More Stories
मौसा की हत्या के पीछे कौन था मास्टरमाइंड? सिमरन और जिम मालिक प्रेमी का खौफनाक प्लान
CM योगी ने लॉन्च की नई वेबसाइट, आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती से भुगतान तक होगी निगरानी
सरकार ने कसा शिकंजा, 10 संविदा कर्मियों की सेवाएं खत्म और 14 निलंबित