August 31, 2026

नमो दीदी ड्रोन योजना ने दिया नया रोजगार

रायपुर : ड्रोन दीदी बनकर महिलाएं भर रही सफलता की नई उड़ानबिलासपुर के मस्तुरी विकासखंड के ग्राम पोड़ी की सीमा वर्मा आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं। ‘बिहान’ योजना से जुड़कर उन्होंने अपनी आजीविका को नई दिशा दी है। नमो दीदी ड्रोन योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर अब ड्रोन दीदी के रूप में खेतों में आधुनिक तकनीक से कीटनाशक, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का छिड़काव कर रही हैं।
     
सीमा वर्मा ने बताया कि ड्रोन संचालन के प्रशिक्षण के बाद उनके लिए रोजगार का एक नया अवसर खुला है। वे आसपास के किसानों के संपर्क में रहकर उनकी आवश्यकता के अनुसार खेतों में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक एवं नैनो उर्वरकों का छिड़काव करती हैं। इससे किसानों को कम समय में खेतों में छिड़काव की सुविधा मिल रही है और सीमा को भी इस कार्य से अच्छी आय प्राप्त हो रही है। आधुनिक तकनीक से जुड़कर काम करने से उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि ड्रोन से छिड़काव का कार्य उनके लिए आजीविका का बेहतर माध्यम बन गया है। इससे प्राप्त होने वाली अतिरिक्त आय से परिवार की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है। पहले जहां आय के सीमित साधन थे, वहीं अब ड्रोन संचालन के साथ उन्होंने अपनी आमदनी बढ़ाने का नया रास्ता तैयार किया है। सीमा का कहना है कि ‘बिहान’ योजना और नमो दीदी ड्रोन योजना ने उन्हें आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
     
सीमा वर्मा केवल ड्रोन संचालन तक ही सीमित नहीं हैं। वे मशरूम उत्पादन का कार्य भी कर रही हैं। मशरूम उत्पादन के माध्यम से भी वे अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर रही हैं। एक ओर वे किसानों के खेतों में ड्रोन से छिड़काव कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों से अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं। इस तरह विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। शासन की योजनाओं से मिले इस अवसर के लिए सीमा वर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।