August 24, 2026

आज से भोपाल की सड़कों पर दौड़ेंगी 10 नई ई-बसें, जानें नए रूट

भोपाल। राजधानी के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर है। शहर की सड़कों पर आज से 10 नई इलेक्ट्रिक बसें उतरने जा रही हैं। इन नई बसों की एंट्री के साथ ही भोपाल में संचालित होने वाली ई-बसों का कुल बेड़ा 20 से बढ़कर 30 हो जाएगा। इससे यात्रियों को स्टॉपेज पर लंबे समय तक बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और प्रमुख मार्गों पर हर 10 से 15 मिनट में बसें उपलब्ध होंगी।

ट्रायल में सफल, रोजाना 30 बसों का संचालन

सड़क पर उतारे जाने से पहले इन सभी गाड़ियों का ट्रायल रन किया गया था, जिसमें ये पूरी तरह खरी उतरी हैं। पूर्व से चल रही 20 बसों के साथ इन 10 नई बसों को भी रूट पर शामिल कर लिया गया है। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) की सीईओ और अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार के अनुसार, रोजाना 30 ई-बसों के संचालन से प्रतिदिन लगभग 15 से 20 हजार यात्रियों को सुगम और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा।

इन नए रूट्स पर दौड़ेंगी ई-बसें

प्रशासन ने नई बसों के लिए शहर के तीन प्रमुख रूट तय किए हैं:

  • रूट B-35: चिरायु अस्पताल (बैरागढ़) से आकृति इकोसिटी (सलैया)

  • रूट B-36: कोच फैक्ट्री रेलवे स्टेशन से बैरागढ़ चिचली (कोलार रोड)

  • रूट B-37: बैरागढ़ ई-बस डिपो से आईएसबीटी (ISBT)

किफायती और जेब पर हल्की

शहर में रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों के लिए ई-बसें बेहद किफायती विकल्प साबित हो रही हैं। इन बसों का न्यूनतम किराया 6 से 7 रुपये निर्धारित है, जबकि दूरी के हिसाब से अधिकतम किराया 40 रुपये तक रखा गया है। नियमित सर्विस और कम किराए की वजह से ये बसें भोपालवासियों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का मुख्य जरिया बनती जा रही हैं।