August 23, 2026

युवाओं के लिए BJP का नया अभियान, सेवा कार्यों की रील बनाएं; होगा राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज

नई दिल्ली: नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो चुकी है। इस बैठक के पश्चात सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और सेवा संकल्प अभियान की 7-8 सदस्यीय प्रांतीय टीमों के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया। तावड़े ने जानकारी दी कि पार्टी प्रतिवर्ष 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में 'सेवा पखवाड़ा' का आयोजन करती है।

एक माह तक चलेगा 'सेवा संकल्प अभियान'

बीजेपी नेता ने एक विशेष संयोग का उल्लेख करते हुए बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस वर्ष 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक सेवा जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में पार्टी ने इस बार 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस सेवा कार्यक्रम को एक महीने तक विस्तारित कर पूरे देश में 'सेवा संकल्प अभियान' के रूप में चलाने का निर्णय लिया है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का किया जाएगा सम्मान

पार्टी महासचिव ने अभियानों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़े के पारंपरिक कार्यों के साथ-साथ इस बार विशेष सामाजिक पहल की जाएगी। देश की लगभग 14 लाख से अधिक आंगनबाड़ियों में कार्यरत कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहने के लिए 'आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता स्वयं आंगनबाड़ियों तक पहुंचकर इन माताओं-बहनों का अभिनंदन करेंगे।

सेवा कार्य करते हुए रील बनाने की अपील

अभियान में जनभागीदारी और युवाओं को जोड़ने के लिए 'सेवा में मेरा योगदान' पहल शुरू की जाएगी। विनोद तावड़े ने अपील की कि नागरिक स्वच्छता, पौधारोपण, टीबी उन्मूलन और अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियों में भाग लेते हुए अपनी रील या वीडियो बनाएं, जिससे समाज के अन्य लोग भी प्रेरित हो सकें।