जगदलपुर: जगदलपुर में त्योहारों का सीजन शुरू होते ही सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिल रहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर शहर के युवाओं में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के मामले भी सामने आ रहे हैं। कई वाहन चालक हेलमेट के बिना और तीन सवारी बैठाकर बेखौफ सड़कों पर वाहन दौड़ाते नजर आ रहे हैं, जिस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।
त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में है। शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
बिना हेलमेट और तीन सवारी चलाने वालों पर जुर्माना
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट के वाहन और गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस दौरान 100 से अधिक वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 45,700 रुपये का जुर्माना वसूला। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनें और गाड़ी चलाते समय फोन का उपयोग न करें।
चौराहों पर मची खलबली
यातायात पुलिस की इस अचानक हुई सघन कार्रवाई से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर हड़कंप की स्थिति देखी गई। पुलिस की सख्ती को देखते हुए कई वाहन चालकों ने मुख्य मार्गों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति कोई रियायत नहीं बरती जाएगी और भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

More Stories
रक्षाबंधन से पहले बहनों को बड़ा तोहफा, विष्णु भैया ने दिया महतारी वंदन का उपहार
कुंडला वसुंधरा सिटी विवाद में हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, 110 भवनों पर कार्रवाई रुकी
40 लाख की ठगी की साजिश नाकाम, फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने पहुंचे दो गिरफ्तार