August 23, 2026

आंगनवाड़ी भर्ती में दस्तावेजों पर सवाल, पिता का नाम पति के तौर पर दर्ज

मुरैनामुरैना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पहले से ही फर्जी नियुक्तियों की चर्चाओं के बीच अब आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया भी बड़े सवालों के घेरे में आ गई है। अंबाह क्षेत्र के बान का पुरा पंचायत में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति को लेकर गंभीर अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ता के मुख्य आरोप

शिकायतकर्ता शीतल का आरोप है कि नियुक्ति पाने वाली महिला ने दस्तावेजों में अपने पिता को पति के रूप में दर्शाया और पिता का बीपीएल कार्ड लगाकर अतिरिक्त अंक हासिल किए, जिसके आधार पर उसका चयन कर लिया गया। इतना ही नहीं, यह भी आरोप है कि संबंधित महिला जोंहा ग्राम पंचायत की मूल निवासी है, जबकि उसकी नियुक्ति बान का पुरा पंचायत में की गई है।

छह महीने से चक्कर काट रही हैं पीड़िता

योग्यता और पात्रता के आधार पर शीतल का चयन होना चाहिए था, लेकिन कथित गड़बड़ियों के कारण उन्हें इस मौके से वंचित कर दिया गया। पिछले छह महीनों से वह न्याय के लिए विभागीय अधिकारियों और प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब महिला एवं बाल विकास विभाग में कथित तौर पर पैसों के लेन-देन कर फर्जी नियुक्तियां किए जाने के आरोप भी सामने आए। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच, मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने के लिए एक विशेष टीम गठित किए जाने के निर्देश दिए हैं।